
नईदुनिया प्रतिनिधि सीधी। जिले के रामपुर नैकिन न्यायालय परिसर में सोमवार शाम तेज बारिश के दौरान जर्जर दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद परिसर में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
बता दें कि शाम करीब 4 बजे न्यायालय में सुनवाई और अन्य कामों से आए लोगों की भीड़ थी। अचानक तेज बारिश शुरू होने पर कई लोग परिसर में बने एक पुराने भवन की छांव में शरण लेने लगे।
इसी दौरान भवन की दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी। मलबे की चपेट में चार लोग आ गए। स्थानीय वकीलों और कर्मचारियों ने तुरंत मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में सुखसेन केवट की मौके पर ही मौत हो गई। वह अपने बेटे राजेश केवट के साथ न्यायालय आए हुए थे। मलबे में दबने से राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरा मृतक रामसजीवन साहू है।
वह अपने बड़े भाई सजाही साहू के साथ न्यायिक काम से आया था। जिसमें सजाही साहू को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना के बाद वकीलों और फरियादियों में आक्रोश देखा गया। लोगों का आरोप है कि न्यायालय परिसर में कई भवन जर्जर हालत में हैं, बावजूद इसके मरम्मत नहीं कराई गई। बारिश के दौरान लोग इन्हीं पुराने भवनों में शरण लेते हैं। स्थानीय अधिवक्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि परिसर के सभी जर्जर भवनों की तत्काल जांच कर उन्हें गिराया या दुरुस्त किया जाए।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम और पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कलेक्टर ने मामले की जांच कर रिपोर्ट मांगी है।
सांसद डॉक्टर राजेश मिश्रा ने रामपुर नैकिन स्थित कोर्ट परिसर में दीवार गिरने पर 2 लोगों के निधन एवं 2 लोगों के घायल होने पर शोक जताया है। उन्होंने
प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि क्षेत्र के सभी सरकारी जर्जर भवनों का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं सुरक्षा संबंधी कार्य प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किए जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।