
नवदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर। बढ़िया खेड़ी इंडस्ट्रियल क्षेत्र में शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीजी क्रॉम्पटन एंड ग्रीव्स पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड की नई पावर ट्रांसफार्मर विनिर्माण इकाई के पहले ट्रांसफार्मर के रोल-आउट का शुभारंभ किया। करीब 50 एकड़ में स्थापित यह इकाई एक ही स्थान पर स्थित भारत की सबसे बड़ी पावर ट्रांसफार्मर विनिर्माण सुविधाओं में शामिल है। यहां तैयार होने वाले उच्च क्षमता के ट्रांसफार्मर देश के विभिन्न हिस्सों के साथ वैश्विक बाजारों तक पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार से बढ़िया खेड़ी इंडस्ट्रियल क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने विधायक सुदेश राय के साथ औद्योगिक इकाई का अवलोकन किया और विधिवत पूजा-अर्चना कर पहले ट्रांसफार्मर के रोल-आउट का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण देते हुए विधायक सुदेश राय ने बताया कि करीब 50 एकड़ में स्थापित इस इकाई का भूमि-पूजन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अगस्त 2025 में किया था। इसके करीब 13 से 14 महीने में यहां उत्पादन शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक से लैस यह इकाई देश की बढ़ती विद्युत जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने कहा कि सीहोर की इस इकाई में 220 केवी से लेकर 1200 केवी श्रेणी के पावर ट्रांसफार्मर बनाए जाएंगे। इकाई की उत्पादन क्षमता हर माह करीब 35 पावर ट्रांसफार्मर तैयार करने की होगी।
इतनी बड़ी क्षमता वाली सुविधा एक ही स्थान पर स्थापित होने से देश में उच्च वोल्टेज ट्रांसमिशन उपकरणों के निर्माण को मजबूती मिलेगी, उन्होंने कहा कि सीहोर में तैयार होने वाले ट्रांसफार्मर देश के विभिन्न हिस्सों के साथ वैश्विक बाजारों में भी भेजे जाएंगे। इनका उपयोग विद्युत क्षेत्र के अलावा डेटा सेंटर, रेलवे, नवकरणीय ऊर्जा, तेल एवं गैस तथा ट्रांसमिशन अधोसंरचना से जुड़ी परियोजनाओं में किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में बड़े औद्योगिक निवेश को तेजी से धरातल पर उतारने की दिशा में यह परियोजना महत्वपूर्ण है। सरकार का प्रयास है कि निवेश प्रस्ताव वास्तविक उद्योगों में बदलें और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ें। सीजी की इस इकाई से सीहोर में 2000 से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। इसके साथ ही इकाई से जुड़े परिवहन, सेवा और अन्य कारोबारों को भी बढ़ावा मिलेगा।
सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड करीब नौ दशकों से विद्युत इंजीनियरिंग के क्षेत्र में कार्य कर रही है। कंपनी ट्रांसफार्मर, स्विचगियर, इंडक्शन मोटर्स, ड्राइव्स, ट्रैक्शन मोटर्स सहित विभिन्न विद्युत उपकरणों का निर्माण करती है। सीहोर की नई इकाई कंपनी की पावर ट्रांसफार्मर विनिर्माण क्षमता को बड़े स्तर पर बढ़ाएगी।
इससे देश की विद्युत जरूरतों को पूरा करने के साथ ट्रांसफार्मर के निर्यात से सीहोर और मध्यप्रदेश की औद्योगिक पहचान को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में बढ़िया खेड़ी इंडस्ट्रियल क्षेत्र में संचालित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के संचालक, अधिकारी-कर्मचारी, भाजपा नेता, कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।