
नईदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर। बिजली कटौती से परेशान कोठरी के ग्रामीणों का गुस्सा मंगलवार रात फूट पड़ा। रात करीब 8.30 बजे बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने इंदौर-भोपाल स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। अचानक हुए प्रदर्शन के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब दो-दो किलोमीटर तक जाम के हालात बन गए।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार 8 से 10 घंटे तक बिजली कटौती की जा रही है। इन दिनों त्योहारों का समय चल रहा है, इसके बावजूद लोगों को रात-रात भर बिजली नहीं मिल रही है। इससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं होने से नाराज ग्रामीण सड़क पर उतर आए और हाईवे पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
चक्काजाम की सूचना मिलने पर पुलिस वाहन मौके पर पहुंचा। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश देकर शांत कराने का प्रयास किया। हाईवे पर जाम लगने से दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़ें- 'मेरे भाई IPS और जीजा SP हैं' रतलाम में बिना टिकट पकड़े गए तो TTE पर भड़का दंपती, 5 घंटे चला हंगामा