
नईदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर: सीवन नदी तट से कुबरेश्वर धाम के लिए निकली भव्य कांवड़ यात्रा के दौरान मंगलवार को एक श्रद्धालु की अचानक तबीयत बिगड़ गई। महाराष्ट्र के जलगांव से यात्रा में शामिल होने आए श्रद्धालु को मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग पर अचानक हार्ट अटैक आ गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
श्रद्धालुओं ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। बताया गया कि एंबुलेंस हाईवे पर घटनास्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर खड़ी थी, लेकिन कांवड़ यात्रा में उमड़ी भारी भीड़ के कारण वह मरीज तक नहीं पहुंच सकी।
करीब आधे घंटे तक एंबुलेंस के मौके तक नहीं पहुंच पाने के बाद वहां मौजूद डाक्टर ने तत्परता दिखाई। डाक्टर ने बीमार श्रद्धालु को अपने कंधे पर बैठाया और पैदल चलकर हाईवे तक पहुंचे। इसके बाद श्रद्धालु को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। डाक्टर की इस तत्परता और मानवीय पहल की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की।
कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के कारण रास्तों पर भारी भीड़ रही, जिससे आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को भी आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़ें- सीवन नदी से कुबेरेश्वरधाम तक आस्था का महासैलाब, हजारों कांवड़िए भरेंगे पवित्र जल