
नवदुनिया प्रतिनिधि, इछावर। शनिवार रात सीहोर-भैरूंदा स्टेट हाईवे स्थित भाऊखेड़ी जोड़ पर भाऊखेड़ी निवासी सचिन वर्मा पिता द्वारका वर्मा उम्र 25 वर्ष के युवक की गोली लगने से हुई सनसनीखेज मौत की गुत्थी को पुलिस ने महज चंद घंटों के भीतर सुलझा लिया है। जहां शनिवार रात करीब 8 से 8:30 बजे के बीच अल्फा प्रोटीन फैक्ट्री के गोदाम पर भूसा लेकर पहुंची एक ट्रैक्टर-ट्राली और कार के बीच भिड़ंत हो गई थी।
इस मामूली दुर्घटना के बाद गोदाम के मजदूरों और पास ही स्थित कल्लू चेयरमैन के ढाबे पर मौजूद लोगों के बीच विवाद शुरू हो गया, जिसे देखने के लिए मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। इसी गहमागहमी और भीड़भाड़ के बीच अचानक गोली चलने से भाऊखेड़ी निवासी सचिन वर्मा पिता द्वारका प्रसाद की कनपटी पर गोली जा लगी और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। शुरुआती दौर में इसे दो पक्षों की आपसी रंजिश और खूनी संघर्ष माना जा रहा था, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल निर्मित हो गया था।
जैसे ही सचिन वर्मा की मौत की खबर उनके परिजनों को लगी, घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए और रात में ही हाईवे जाम कर दिया गया। जिसे एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने जाकर खुलवाया और मृतक के शव को इछावर पोस्टमार्टम के लिए लाया गया, लेकिन रविवार सुबह मृतक के परिजनों और आक्रोशित ग्रामीणों का गुस्सा पुलिस प्रशासन पर फूट पड़ा।
परिजनों ने आरोप लगाया कि घटनास्थल से पुलिस को बंदूक और कारतूस बरामद होने के बावजूद आरोपितों की गिरफ्तारी में जानबूझकर लापरवाही और ढिलाई बरती जा रही है। इसी नाराजगी के चलते ग्रामीणों ने एक बार फिर स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया, वहीं इछावर थाने और पोस्टमार्टम रूम के बाहर भी जमकर हंगामा किया गया।
परिजनों के इस विरोध प्रदर्शन को क्षेत्र के पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल, अजय पटेल और क्षेत्र में लगातार सक्रिय समाजसेवी और युवा नेता सोहन वर्मा का भी समर्थन मिला। जिन्होंने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार की आवाज बुलंद की।
सुबह से दोपहर करीब 12:30 बजे तक चले इस लंबे चक्काजाम के बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने परिजनों से सीधा संवाद कर उनकी मांगों को लिखित रूप में स्वीकार करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ही हाईवे से जाम खुल सका।
जाम खुलने के बाद पुलिस प्रशासन ने अपनी जांच की रफ्तार तेज की और महज तीन घंटे के भीतर चौंकाने वाला खुलासा करते हुए मुख्य आरोपित शेर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। प्रेस कान्फ्रेंस के माध्यम से पूरे मामले की जानकारी देते हुए एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि यह कोई सुनियोजित हत्या नहीं, बल्कि नशे और लापरवाही के कारण हुआ, एक दर्दनाक हादसा था।
जांच में सामने आया कि मृतक सचिन वर्मा और आरोपित शेर सिंह दोनों ही सुरक्षा गार्ड की नौकरी करते थे और पहले से एक-दूसरे के परिचित थे। शनिवार रात जब भाऊखेड़ी जोड़ पर एक्सीडेंट के बाद भीड़ जमा हुई, तो वहां दोनों की मुलाकात हो गई।
बातचीत के दौरान सचिन उत्सुकतावश शेर सिंह की 12 बोर की बंदूक देखने लगा और दोनों के बीच हल्का-फुल्का हंसी-मजाक चलने लगा। इसी दौरान अत्यधिक नशे की हालत में होने के कारण शेर सिंह का हाथ बंदूक के ट्रिगर पर दब गया, जिससे निकली गोली सीधे सचिन की कनपटी में जा लगी और उसकी तत्काल मौत हो गई।
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे हैरान कर देने वाला पहलू यह रहा कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित शेर सिंह इस गलतफहमी में था कि रात के अंधेरे और भीड़ के शोरगुल में उसे किसी ने गोली चलाते हुए नहीं देखा है। खुद को पूरी तरह सुरक्षित और निर्दोष साबित करने के लिए वह रविवार सुबह मृतक के परिजनों द्वारा किए गए सड़क जाम और विरोध प्रदर्शन में भी आम लोगों के साथ शामिल रहा।
यह भी पढ़ें- MP में बेपटरी नशा मुक्ति व्यवस्था, 26,500 करोड़ की शराब-तंबाकू गटक रहे लोग, एक भी जिला अस्पताल में केंद्र नहीं
हालांकि, पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मौजूद कुछ प्रत्यक्षदर्शियों की पहचान कर उनसे सख्ती से पूछताछ की, तो पूरी घटना की परतें खुलती चली गईं। चश्मदीदों के बयानों के आधार पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर शेर सिंह को हिरासत में लिया और जब उससे कठोरता से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त 12 बोर की बंदूक, मृतक से जुड़े साक्ष्य और अन्य सामग्री जब्त कर ली है। सुबह पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे गंभीर सवालों के बीच कुछ ही घंटों में की गई इस त्वरित कार्रवाई की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।