
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। जिला मुख्यालय से लगभग 25 किमी दूर कान्हीवाड़ा थाना अंतर्गत कान्हीवाड़ा-मटियाटोला रोड में एचपी गैस एजेंसी व गोदाम के बगल में संचालित रूई गोदाम-फैक्ट्री में 26 मार्च गुरूवार दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे अज्ञात कारणों से भीषण आग फैल गई। आबादी क्षेत्र से दूर संचालित रूई फैक्ट्री में फैली भीषण आग को देखकर गैस एजेंसी के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
क्योंकि रूई फैक्ट्री के ठीक बगल में गैस एजेंसी के लगभग 400 से 500 खाली-भरे गैस सिलिंडर रखे थे। फैक्ट्री से उठता काले धुएं का गुबार व आग की लपटें देखकर लोगों के होश उड़ गए। वहीं आनन-फानन में एजेंसी के गोदाम में रखे एलपीजी सिलिंडर को ट्रेक्टर ट्राली की मदद से तत्काल सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया।
साथ ही गैस सिलिंडर को गोदाम से बाहर निकालकर सड़क में दूर पहुंचाने में क्षेत्रवासियों ने सहयोग किया। इधर, फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में रखी रूई के अलावा इससे तैयार गद्दे, तकिया व अन्य सामग्री आगजनी में जलकर खाक हो गई। आग इतनी भीषण थी कि इससे उठने वाला धुआं का गुबार कई किमी दूर तक दिखाई दिया।
आग को काबू में करने सिवनी, बरघाट, केवलारी, छपारा क्षेत्रों में दमकल वाहनों को मौके पर बुलाना पड़ा। चार दमकल वाहन कई घंटों तक रूई फैक्ट्री में फैली आग को काबू में करने में जुटे रहे।
दमकल वाहनों को दो से तीन ट्रिप लगाकर आग बुझाने मशक्कत करनी पड़ी, हालाकि देर शाम तक आग को काबू में करने दमकल कर्मी व पुलिस बल मौके पर डटा रहा। आगजनी की घटना में कितना नुकसान हुआ है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
रुई फैक्ट्री में लगी इस भीषण आग की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन फैक्ट्री में रखा तीव्र ज्वलनशील कच्चे माल, रूई के गद्दों के कारण आग तेजी से फैलने की बात कहीं जा रही हैं। यह रूई फैक्ट्री कान्हीवाड़ा निवासी राजू जैन की बताई गई है। आगजनी में कितना नुकसान हुआ है, इसका आंकलन लगाया जा रहा है।
रूई फैक्ट्री के पास गैस एजेंसी गोदाम कैसे संचालित हो रहा था, यह भी चिंता की बात है। हालाकि खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के अनुसार गैस एजेंसी के गोदाम को जबलपुर क्षेत्रीय कार्यालय से भौतिक सत्यापन के बाद अनुज्ञपित (लायसेंस) जारी की जाती है।
रूई फैक्ट्री में रूई को साफ करने के अलावा गद्दा-रजाई, तकिया बनाने का काम होता था। घटना के दौरान गोदाम में बड़ी मात्रा में गद्दे, रजाई व रूई मौजूद थी, जिससे आग भीषण हो गई। आग को काबू करने में चार दमकल वाहन मौके पर लगे हुए हैं। रूई फैक्ट्री आबादी क्षेत्र से स्थित है, गैस एजेंसी के गोदाम में रखे 400 से अधिक खाली व भरे गैस सिलिंडर को सुरक्षित स्थान में पहुंचा दिया गया है। गैस एजेंसी तक आग नहीं फैली, खेत में फैली आग को तत्काल काबू कर लिया गया।
संतोष पंद्रे, थाना प्रभारी कान्हीवाड़ा