सिवनी में हादसा, सड़क पर पलटा चावल से भरा ट्रक, विवाह समारोह से लौट रहे बाइक सवार पति-पत्नी की दबकर मौत
घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर बरघाट पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक के नीचे दबे पति-पत्नी को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वा ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 24 Apr 2026 08:20:07 PM (IST)Updated Date: Fri, 24 Apr 2026 08:28:22 PM (IST)
मृतक दंपती की जीवित अवस्था का चित्र। सौजन्य सोशल मीडियाHighLights
- खस्ताहाल सिवनी-बालाघाट सड़क में जेवनारा के पास हादसा।
- सड़क की मरम्मत ना होने आए दिन जान गवां रहे वाहन चालक।
- दुर्घटनाग्रस्त ट्रक किनारे से लोगों के आने जाने से बढ़ गई भीड़।
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। जिला मुख्यालय से 30 किमी दूर बरघाट थाना अंतर्गत सिवनी-बालाघाट मार्ग में जेवनारा हिर्री नदी पुल के पास 24 अप्रैल शुक्रवार शाम 4.30 बजे मोटर साइकिल सवार दंपत्ती पर चावल से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस भीषण दुर्घटना में मोटर साइकिल में सवार पति-पत्नी की मौत पर मौत हो गई। जबकि ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों में दीपसिंह चौहान (50) व उनकी पत्नी दुर्गा बाई चौहान (45) जन्मखारी गांव निवासी शामिल है। बरघाट पुलिस के अनुसार विवाह समारोह में शामिल होकर दीपसिंह चौहान अपनी पत्नी दुर्गा चौहान को साथ लेकर मोटर साइकिल (क्र. एमएच 49 बीडी 5042) में बरघाट से वापस जन्मखारी गांव लौट रहा था।
चावल लेकर जा रहा ट्रक (क्र. एमएच 40 सीटी 8226) जेवनारा गांव में हिर्री नदी पुल पर पास सड़क के गड्डों में अनियंत्रित होकर मोटर साइकिल सवार दंपत्ति पर पलट गया, इसमें दबने से पति-पत्नी की मौत हो गई।
घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर बरघाट पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक के नीचे दबे पति-पत्नी को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरघाट पहुंचाया।
यहां चिकित्सकों ने पति-पत्नी को मृत घोषित कर दिया। घटना में घायल ट्रक चालक का उपचार चल रहा है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक में भरी चावल की बोरिया वाहन पलटने के बाद सड़क पर बिखर गई। जबकि इसमें दबी मोटर साइकिल चक्कनाचूर हो गई। घटना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
विरोध प्रदर्शन के बावजूद नहीं हुई मरम्मत
- सिवनी-बालाघाट स्टेट हाईवे में सड़क की बदहाली के कारण यह दो लोगों की मौत होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी जर्जर सड़क में कई लोग अपनी जान गवां चुके हैं।
- सड़क के साइड सोल्डर गायब हो गए है, बड़े-बड़े गड्ढों में परिवर्तित हो चुकी सड़क में चलना दुर्घटना को आमंत्रण देने से कम नहीं है।
- खस्ताहाल सड़क की मरम्मत व नवनिर्माण की मांग को लेकर बीते दिनों युवाओं ने बरघाट बंद किया था।
- इसे सभी व्यापारियों ने समर्थन देते हुए अपने प्रतिष्ठानों को बंद रखकर सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की थी। लेकिन इसके बाद भी सड़क की तस्वीर नहीं बदली।
- उल्लेखनीय है कि सिवनी-बालाघाट सड़क को तीन साल पहले फोरलेन में परिवर्तित करने की घोषणा हो चुकी है, इसके बावजूद ना तो सड़क का निर्माण प्रारंभ हो सका है ना ही मरम्मत पर एमपीआरडीसी व जिला प्रशासन द्वारा ध्यान दिया जा रहा है। इसके कारण आए दिन सड़क में दुर्घटनाएं घटित हो रही हैं।
नहीं टूट रही जनप्रतिनिधियों की चुप्पी
- हालांकि एमपीआरडीसी द्वारा सैलुआ में स्थापित टोल नाका में व्यवसायिक वाहनों से जर्जर व गड्ढायुक्त सड़क में टोल टैक्स वसूला जा रहा है। बालाघाट सीमा में वाहनों से टोल वसूली हो रही है।
- लेकिन सड़क मरम्मत पर किसी का ध्यान नहीं है। जबकि सिवनी-बालाघाट सांसद भारती पारधी से लेकर बरघाट विधायक कमल मर्सकोले व स्थानीय जनप्रतिनिधि आए दिन इसी मार्ग से आवागमन करते हैं।
- राज्य के केबिनेट मंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी सड़क से आवागमन करते हैं।
- फिर भी सड़क मरम्मत व निर्माण के लंबित कार्यो पर जनप्रतिनिधियों की चुप्पी लोगों की जान से खिलवाड़ करती दिख रही है।
चावल से भरा ट्रक सड़क खराब होने के कारण अनियंत्रित होकर मोटर साइकिल सवार पति-पत्नी पर पलट गया, जिससे घटनास्थल पर दोनों की दबने से मौत हो गई। ट्रक चालक पर प्रकरण दर्ज कर पुलिस मामले में विस्तृत जांच कर रही है।
मोहनीश सिंह बैस, थाना प्रभारी बरघाट