सिवनी में पुलिस ने पकड़ी 121 पेटी अवैध बीयर, गुमराह कर रहे चार आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस ने 17 अप्रैल की देर रात पेट्रोलिंग के दौरान ढाई लाख रुपये से अधिक मूल्य की 121 पेटी बीयर से भरे पिकअप वाहन को जब्त कर चार आरोपितों को गि ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 18 Apr 2026 05:28:38 PM (IST)Updated Date: Sat, 18 Apr 2026 05:28:38 PM (IST)
पुलिस ने पकड़ी 121 पेटी अवैध बीयरHighLights
- 121 पेटी बीयर जब्त
- चार आरोपी गिरफ्तार
- फर्जी बिल्टी दिखाकर गुमराह
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। कोतवाली पुलिस ने 17 अप्रैल की देर रात पेट्रोलिंग के दौरान ढाई लाख रुपये से अधिक मूल्य की 121 पेटी बीयर से भरे पिकअप वाहन को जब्त कर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जब्त बीयर की मात्रा 1452 लीटर बताई गई है, जिसे अवैध रूप से परिवहन कर नगझर शराब दुकान पहुंचाया जा रहा था।
इन लोगों की किया गया गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से लूघरवाड़ा शराब दुकान के गद्दीदार आकाश जैसवाल (27) निवासी प्रयागराज, पिकअप चालक देवीप्रसाद पवार (45) निवासी परासिया थाना बंडोल, तथा उसके सहयोगी मनोज बघेल (34) और संदीप चंद्रवंशी (25) को गिरफ्तार किया है।
अवैध परिवहन की तैयारी की जा रही
एएसपी दीपक कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि लूघरवाड़ा शराब दुकान के सामने एक पिकअप में बीयर भरकर अवैध परिवहन की तैयारी की जा रही है। सूचना पर कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन की तलाशी ली, जिसमें 121 कार्टून में करीब 6000 बीयर केन पाए गए।
पूछताछ के दौरान चालक ने पुलिस को गुमराह करने के लिए आबकारी वेयरहाउस की बिल्टी दिखाई, लेकिन जांच में पाया गया कि दस्तावेज किसी अन्य वाहन के थे। इससे स्पष्ट हुआ कि शराब को अवैध तरीके से दूसरे वाहन में भरकर परिवहन किया जा रहा था, जो आबकारी अधिनियम के तहत अपराध है।
पुलिस ने पिकअप वाहन (क्रमांक एमएच 40 सीटी 4630) सहित बीयर जब्त कर चारों आरोपितों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपितों से पूछताछ जारी है और उन्हें रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है, ताकि अवैध शराब नेटवर्क के अन्य पहलुओं का खुलासा हो सके।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध नशे और शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।
नागपुर के ठेकेदार के पास तीन दुकानों का संचालन
1 अप्रैल से शराब दुकानों के नवीनीकरण के तहत लूघरवाड़ा, नगझर और बंडोल दुकानों का समूह नागपुर के रामटेके ठेकेदार को दिया गया है। लगभग 26 करोड़ रुपये में इन दुकानों का संचालन सौंपा गया है। पुलिस के अनुसार, जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि अवैध परिवहन में केवल कर्मचारी शामिल थे या ठेकेदार की भी भूमिका है।
यह भी पढ़ें- 31.76 करोड़ के टैक्स चोरी मामले में आरोपी रामू गुप्ता को कोर्ट से नहीं मिली राहत, जमानत अर्जी खारिज