नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी: कृषि उपज मंडी से मेहनत की कमाई लेकर लौट रहे किसान को निशाना बनाने वाले शातिर गिरोह का लखनवाड़ा पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने छिंदवाड़ा जिले की चौरई मंडी से गेहूं बेचकर लौट रहे पिता-पुत्र पर हमला कर 1.40 लाख रुपये लूट लिए थे। यह वारदात जिले की सीमा में कोहका गांव के पास अंधेरे में अंजाम दी गई थी।
17 अप्रैल की रात हुई थी वारदात
पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता ने 26 अप्रैल को पुलिस कंट्रोल रूम में पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 17 अप्रैल की रात करीब 8:30 बजे ललितपुर (ढाना) गांव निवासी शिवकुमार वर्मा (42) अपने पिता खुमानसिंह वर्मा के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। दोनों चौरई मंडी में गेहूं बेचकर 1 लाख 40 हजार रुपये नकद लेकर वापस आ रहे थे।
जैसे ही वे कोहका गांव के पास पहुंचे, एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उनका पीछा कर अचानक हमला कर दिया। आरोपितों ने डंडे से मारपीट कर उन्हें डराया-धमकाया और रुपयों से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद 18 अप्रैल को लखनवाड़ा थाने में मामला दर्ज कराया गया।
जांच के लिए विशेष टीम गठित
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सुनील मेहता के निर्देशन में एएसपी दीपक मिश्रा और एसडीओपी सचिन परते के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोमल टोप्पो ने विशेष टीम गठित की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
चौरई बायपास पर फिर वारदात की तैयारी में थे आरोपी
25 अप्रैल को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि वही गिरोह चौरई बायपास के आसपास किसी अन्य किसान को निशाना बनाने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही एसआइ कोमल टोप्पो ने टीम के साथ चौरई थाना स्टाफ को साथ लेकर घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही तीनों संदिग्ध घबरा गए और पूछताछ में गलत जानकारी देने लगे। हालांकि, थाने लाकर जब सख्ती और मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई, तो उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास सामने आया
पकड़े गए आरोपितों में संदीप पुत्र रामकृष्ण बघेल (30) निवासी जैतपुरकला गिरोह का सरगना है। उस पर पहले से हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। दूसरे आरोपी अभय उर्फ गब्बर पुत्र भगलू चक्रवर्ती (19) निवासी खमरिया पर मारपीट का प्रकरण दर्ज है। तीसरा आरोपी रोहित उर्फ विक्की पुत्र सूरज चक्रवर्ती (23) निवासी मोहगांव पर चोरी के प्रयास के दो मामले दर्ज हैं।
लूटी गई रकम और सामान बरामद
पुलिस ने आरोपितों के पास से लूट की राशि में से 1 लाख 22 हजार रुपये नकद बरामद कर लिए हैं। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई बाइक और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। तीनों आरोपितों को 25 अप्रैल को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरे मामले को सुलझाने में एसआइ कोमल टोप्पो, एएसआइ योगेन्द्र सिंह ठाकुर, हरिओम भारद्वाज, प्रधान आरक्षक आत्माराम सिमोनिया, ललित मरकाम सहित अन्य पुलिसकर्मियों और साइबर सेल सिवनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।