
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिला मुख्यालय के नए बस स्टैंड के पास एक बिरयानी दुकान में रखे घरेलू गैस सिलेंडर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सिलेंडर से ऊंची लपटें उठने लगीं और लोग दहशत में आ गए।
कोई भी आग के करीब जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। घटना से बड़े हादसे का खतरा पैदा हो गया। सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई, लेकिन आरोप है कि दमकल वाहन काफी देर से मौके पर पहुंचा।
इस दौरान सिलेंडर से लपटें उठती रहीं और दुकानदारों तथा राहगीरों की सांसें अटकी रहीं। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
भीड़भाड़ वाले बस स्टैंड क्षेत्र में सिलेंडर फटने पर जनहानि हो सकती थी।जानकारी के मुताबिक, दुकान में व्यावसायिक उपयोग के लिए निर्धारित कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के बजाय घरेलू गैस सिलेंडर का इस्तेमाल किया जा रहा था।
घटना ने शहर के होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और बिरयानी दुकानों में गैस के उपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस के इस्तेमाल की आशंका है।
यह नियमों की अनदेखी के साथ आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। लोगों ने प्रशासन से शहर के होटल, ढाबों और बिरयानी दुकानों की जांच कर घरेलू सिलेंडर इस्तेमाल करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में स्वच्छता अभियान पर विवाद, ब्यौहारबाग कन्या विद्यालय में कचरा उठाने पर अभिभावक भड़के