शहडोल के रेस्टोरेंट में बर्थडे पार्टी मनाने आए युवक पर चाकू से हमला, यह है पूरा मामला
वारदात का कुछ हिस्सा रेस्टोरेंट के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है, हालांकि रात होने के कारण आरोपियों के चेहरे स्पष्ट नजर नहीं आए हैं। ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 20 May 2026 12:25:17 PM (IST)Updated Date: Wed, 20 May 2026 12:25:17 PM (IST)
HighLights
- घटना के बाद आरोपित कट्टा लहराते हुए मौके से फरार
- चाकू निकाला और संदीप द्विवेदी के हाथ पर हमला कर दिया
- लोगों की संख्या बढ़ने लगी तो बदमाशों ने कट्टा निकाल लिया
नईदुनिया प्रतिनिधि शहडोल। शहर में देर रात एक निजी रेस्टोरेंट के बाहर जन्मदिन की खुशियां अचानक दहशत में बदल गईं, जब कार सवार बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपित कट्टा लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
रेस्टोरेंट की तीसरी मंजिल पर मौजूद थे सभी
पुलिस के अनुसार घटना सोहागपुर थाना क्षेत्र में करन तलैया के सामने स्थित एक निजी रेस्टोरेंट के बाहर की है। बताया गया कि संदीप द्विवेदी अपने भांजे का जन्मदिन मनाने परिवार और परिचितों के साथ रेस्टोरेंट की तीसरी मंजिल पर मौजूद थे।
कार संदीप द्विवेदी के बेहद करीब से निकाली गई
इसी दौरान वह अपनी कार से सामान निकालने नीचे पहुंचे थे। उसी समय सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में सवार राहुल सिंह, विपिन पाठक, गणेश रघुवंशी और शांतनु उर्मिला तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए वहां पहुंचे। कार संदीप द्विवेदी के बेहद करीब से निकाली गई।
गालीगलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी
जब उन्होंने इसका विरोध किया तो कार सवार युवक भड़क गए और गालीगलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।शोर सुनकर बर्थडे पार्टी में मौजूद अन्य लोग भी नीचे पहुंच गए। इसी दौरान आरोपियों में से एक युवक ने धारदार चाकू निकाल लिया और संदीप द्विवेदी के हाथ पर हमला कर दिया।
लोगों की संख्या बढ़ी तो बदमाशों ने कट्टा निकाल लिया
घटना से मौके पर अफरा.तफरी मच गई।जब मौके पर लोगों की संख्या बढ़ने लगी तो बदमाशों ने कट्टा निकाल लिया और धमकाते हुए कहा कि उन्हें पुलिस का कोई डर नहीं है और वहां से भाग गए।
उपद्रवी देर रात तक घूमते रहते हैं
उल्लेखनीय है कि करन तलैया के पास देर रात तक असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। सड़क के एक हिस्से में कोतवाली और दूसरे हिस्से में सोहागपुर थाना क्षेत्र पड़ता है, जिसका फायदा उठाकर उपद्रवी देर रात तक घूमते रहते हैं।
घटना के बाद लोगों में दहशत का माहौल
सोहागपुर पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।