
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। यहां के बिरसामुंडा शासकीय मेडिकल काॅलेज की कैजुअल्टी के बाहर खुला नाली चेंबर लोगों के लिए परेशानी और हादसों का कारण बन रहा है।
जानकारी के अनुसार यहां आए दिन लोग नाली में गिरकर घायल होते हैं और वाहनों के पहिए भी फंस जाते हैं। इसके बावजूद समस्या पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
ताजा घटना में भाजपा सोहागपुर मंडल अध्यक्ष की गाड़ी मेडिकल काॅलेज की कैजुअल्टी के बाहर खुले नाली चेंबर में जा घुसी। गाड़ी का पहिया नाली में जाने से नई गाड़ी का टायर फट गया। अचानक हुए हादसे के कारण ड्राइवर को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बताया गया कि यह पहली घटना नहीं है। मरीजों और उनके परिजनों की लगातार आवाजाही वाले इस स्थान पर नाली चेंबर खुला है। लोगों के अनुसार, इसे ढंकने की व्यवस्था नहीं की गई है और न ही कोई चेतावनी संकेत लगाया गया है।
मेडिकल काॅलेज के डीन डा.जीबी रामटेके ने बताया कि उन्हें जानकारी नहीं है कि एेसी कोई घटना हुई है।यदि समस्या है तो उसे ठीक कराया जाएगा।
घटना के बाद मदद के लिए मेडिकल काॅलेज का कोई स्टाफ मौके पर नहीं पहुंचा। इस स्थिति ने वहां की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। लोगों ने मेडिकल काॅलेज प्रबंधन से खुले चेंबर को तत्काल दुरुस्त कराने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में गाली देने से रोका तो पिता के पेट और बेटी के सीने में मारा चाकू, दो बेटे भी घायल