शहडोल में मंडप में दूल्हा बदला तो दुल्हन ने जयमाला पहनाने से किया इंकार, रुकी शादी; खाली हाथ लौटी बारात
जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां दूल्हा बदलने की आशंका पर दुल्हन ने जयमाला पहनाने से इंकार कर दिया। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 30 Apr 2026 04:47:46 PM (IST)Updated Date: Thu, 30 Apr 2026 04:47:46 PM (IST)
मंडप में दूल्हा बदला तो दुल्हन ने जयमाला पहनाने से किया इंकारHighLights
- जयमाला के दौरान दुल्हन ने शादी से किया इंकार
- दूल्हा बदलने की आशंका पर रुकी शादी
- पुलिस की मौजूदगी में सहमति से लौटी बारात
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां दूल्हा बदलने की आशंका पर दुल्हन ने जयमाला पहनाने से इंकार कर दिया। इसके बाद शादी रुक गई और बारात को बिना विवाह के ही वापस लौटना पड़ा।
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार गोहपारू से बारात ब्यौहारी पहुंची थी। बारातियों का स्वागत-सत्कार हुआ और पारंपरिक रस्में शुरू हुईं। द्वारचार के बाद जयमाला की रस्म के लिए दूल्हा-दुल्हन मंच पर पहुंचे। दूल्हे ने दुल्हन को माला पहना दी, लेकिन जब दुल्हन की बारी आई तो उसने दूल्हे को गौर से देखा और माला पहनाने से मना कर दिया।
मौके पर मौजूद लोगों में मचा हड़कंप
दुल्हन मंच से उतर गई, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। जब स्वजनों ने कारण पूछा तो दुल्हन ने साफ कहा कि जिसे दिखाकर शादी तय की गई थी, यह वह दूल्हा नहीं है।
दुल्हन के इस फैसले के बाद दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बन गई। परिजनों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपने निर्णय पर अड़ी रही। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को सूचना दी गई।
दोनों पक्षों को थाने बुलाकर समझाइश
पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने बुलाकर समझाइश दी। बाद में दोनों पक्षों ने लिखित सहमति दी कि दुल्हन शादी नहीं करना चाहती और समारोह समाप्त किया जाए। इस तरह शादी बिना परिणय के ही समाप्त हो गई और गोहपारू से आई बारात खाली हाथ लौट गई। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
पुलिस का क्या कहना
"जयमाला के दौरान दुल्हन ने दूल्हे को माला नहीं पहनाई। दोनों पक्षों को समझाइश दी गई। बातचीत के बाद आपसी सहमति से कार्यक्रम समाप्त किया गया।"
- जिया उल हक, थाना प्रभारी
यह भी पढ़ें- यात्री ध्यान दें! भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस मई में इन तारीखों पर नहीं चलेगी, जानिए ट्रेन का पूरा शेड्यूल