शहडोल-रीवा मार्ग पर खड़े वाहन में जा घुसी यात्रियों से भरी बस, स्कूली बच्चों समेत 30 घायल; 10 गंभीर
ब्यौहारी थाना क्षेत्र में शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग पर यात्रियों से भरी बस सड़क किनारे खड़े माल वाहन में पीछे से जा घुसी।
Publish Date: Wed, 04 Nov 2026 04:56:43 PM (IST)Updated Date: Wed, 04 Nov 2026 06:07:26 PM (IST)
शहडोल-रीवा मार्ग पर हादसा, नईदुनियाHighLights
- शहडोल-रीवा मार्ग पर हादसा
- खड़े वाहन में जा घुसी बस
- 30 बच्चे घायल, 10 गंभीर
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग पर यात्रियों से भरी बस सड़क किनारे खड़े माल वाहन में पीछे से जा घुसी। हादसे में करीब 30 यात्री घायल हो गए, जिनमें स्कूली बच्चे भी शामिल हैं।
घायलों में 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। घटना बुधवार सुबह की है।
टीहकी यात्री प्रतीक्षालय के पास हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दीपक कंपनी की बस शहडोल से ब्यौहारी की ओर आ रही थी। इसी दौरान ब्यौहारी थाना क्षेत्र के टीहकी यात्री प्रतीक्षालय के पास सड़क किनारे एक माल वाहन खड़ा था।
बस चालक माल वाहन को नहीं देख पाया और बस पीछे से उसमें जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस में सवार यात्रियों को चोटें आईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही ब्यौहारी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। बस में फंसे और घायल यात्रियों को बाहर निकालकर निजी वाहनों, पुलिस वाहनों और रोगी वाहनों की मदद से तत्काल ब्यौहारी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार हादसे में करीब 30 लोग घायल हुए हैं। इनमें कई स्कूली बच्चे भी शामिल हैं।
10 की हालत गंभीर
घायलों का उपचार ब्यौहारी अस्पताल में जारी है। पुलिस के मुताबिक 10 घायलों की स्थिति गंभीर है। उनकी हालत को देखते हुए चिकित्सा महाविद्यालय भेजने की तैयारी की जा रही है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद ब्यौहारी पुलिस के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। अब पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।