शहडोल में हाईवा की टक्कर से पिता पुत्र की मौत, एक युवक घायल
एक दिन पहले ही ब्यौहारी क्षेत्र में बोरवेल वाहन की चपेट में आने से एक गर्भवती महिला और उसके 6 वर्षीय बेटे की मौत हो गई थी। ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 04 May 2026 10:25:32 PM (IST)Updated Date: Mon, 04 May 2026 10:28:26 PM (IST)
शहडोल में सड़क हादसा।नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिले के देवलौंद थाना क्षेत्र में सोमवार को एक सड़क हादसे ने दो जिंदगियां छीन लीं, जबकि एक युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम चौरी निवासी ईश्वर दीन खैरवार (62), उनके पुत्र गंगा सिंह खैरवार (45) और भतीजा रामकुशल बाइक से बुढ़वा से ब्यौहारी की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे ग्राम जगमल स्थित शिव शक्ति आश्रम के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार रेत से लदा हाइवा वाहन अनियंत्रित होकर बाइक सवारों पर चढ़ गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईश्वर दीन और गंगा सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं रामकुशल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हाइवा में अवैध रेत लदी हुई थी और क्षेत्र में बिना अनुमति के रेत परिवहन धड़ल्ले से जारी है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन वाहन और चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही ब्यौहारी क्षेत्र में बोरवेल वाहन की चपेट में आने से एक गर्भवती महिला और उसके 6 वर्षीय बेटे की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे हादसों ने प्रशासन और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।