शहडोल में विदाई की रस्म के बीच दूल्हे के पिता की नाचते समय गिरने से मौत,ससुर के शव के साथ दुल्हन रोते हुए पहुंची ससुराल
दूल्हा खुद असमंजस में था कि वह एक साथ पत्नी की डोली और पिता के शव को कैसे लेकर जाए। लोगों ने हिम्मत बंधाई, जिसके बाद शव को जयसिंहनगर के ग्राम गजनी ले ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 29 Apr 2026 04:57:40 PM (IST)Updated Date: Wed, 29 Apr 2026 05:01:45 PM (IST)
दूल्हे के पिता की हुई मौत।HighLights
- दुल्हन भी ससुर के शव के साथ रोते हुए ससुराल पहुंची।
- इस दुखी घटना से दोनों गांवों में शोक की लहर फैल गई।
- दूल्हे के पिता के शव के साथ दुल्हन की डोली निकाली।
नईदुनिया प्रतिनिधि,शहडोल। घर में रातभर शादी की रस्में चलीं और सुबह विदाई की तैयारियां चल रही थी।इसके पहले आदिवासी परंपरा के अनुसार विदाई से पहले हल्दी की रस्म हो रही थी। बराती और घराती खुशी में नाच-गाकर जश्न मना रहे थे। इसी बीच नाचते-थिरकते दूल्हे के पिता अचानक अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े।उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया और डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बस इसके बाद मातम छा गया और जिस घर से नई नवेली दुल्हन की डोली उठनी थी,वहीं से ससुर शव भी साथ में उठा, जिससे पूरा माहौल गमगीन हो गया।
यह हृदयविदारक घटना जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के ग्राम पैलवाह की है। यहां की रीना सिंह (23) की शादी के लिए जयसिंहनगर के ग्राम गजनी से धरमदास परस्ते (50) अपने पुत्र हरीश सिंह की बारात लेकर आए थे।
रात में सभी वैवाहिक रस्में पूरी हुईं। सुबह विदाई से पहले हल्दी-पानी की रस्म के दौरान दूल्हे के पिता बारातियों के साथ नाच रहे थे। इसी दौरान वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़े।
परिजन उन्हें तत्काल गोहपारू अस्पताल ले गए,लेकिन जान नहीं बच पाई।अस्पताल से जैसे ही मौत की खबर घर पहुंची, शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
दूल्हा खुद असमंजस में था कि वह एक साथ पत्नी की डोली और पिता के शव को कैसे लेकर जाए। लोगों ने हिम्मत बंधाई, जिसके बाद शव को जयसिंहनगर के ग्राम गजनी ले जाया गया।
नई नवेली दुल्हन भी ससुर के शव के साथ रोते हुए ससुराल पहुंची। इस घटना से दोनों गांवों में शोक की लहर फैल गई। दूल्हे के पिता के शव के साथ दुल्हन की डोली निकलने का मंजर देख हर किसी की आंखें नम हो गईं।
गोहपारु पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना में लिए है। आशंका जताई जा रही है कि नाचने के दौरान हार्टअटैक हो गया होगा। बहरहाल मौत हुई,जिससे नव विवाहित जोड़े की खुशियां मातम बदल गई।