
नईदुनिया प्रतिनिधि,शहडोल। माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश द्वारा घोषित वर्ष 2026 के हाईस्कूल (कक्षा 10वीं) के परीक्षा परिणाम में जिले के ब्यौहारी नगर के वार्ड क्रमांक 9, न्यू बरौंधा निवासी छात्र योगेंद्र सिंह परमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की मेरिट सूची में तीसरा स्थान हासिल किया है। उन्होंने 500 में से 497 अंक प्राप्त किया है।योगेंद्र के पिता निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड है और घर की माली हालत बिलकुल सामान्य है।योगेंद्र सिंह परमार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ब्यौहारी के छात्र हैं।
सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के दम पर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की। उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। परिणाम घोषित होते ही योगेंद्र के घर और क्षेत्र में खुशी का माहौल बन गया।
परिजनों, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों ने उन्हें बधाइयां दीं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों ने भी उनकी इस उपलब्धि की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार ने इसे पूरे स्कूल के लिए गर्व का क्षण बताया और अन्य छात्रों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बताया।
योगेंद्र ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। उन्होंने बताया कि नियमित अध्ययन, समय का सही उपयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन से ही यह सफलता संभव हो पाई है। उनका सपना आगे चलकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर देश की सेवा करना है।
योगेंद्र के पिता रामनरेश सिंह ब्यौहारी के एक निजी स्कूल में सिक्योरिटी गार्ड है। उन्होंने बताया कि योगेंद्र की इस उपलब्धि से हमारा परिवार काफी खुश है। पिता ने कहा मुझे उम्मीद थी कि बेटा अच्छे नंबर लाएगा,लेकिन यह अंदाजा नहीं था कि वह प्रदेश में अपना नाम लिस्ट में ला सकेगा। जब मुझे पता चला तो मैं बाजार में था, तुरंत ही मिठाई लेकर घर आया तो घर में काफी भीड़ थी। मेरे बेटे को लोग मिठाई खिला रहे थे जिसे देख मुझे काफी अच्छा लगा।