जींस पहनकर आईजी के सामने पहुंचने पर हेड कांस्टेबल सस्पेंड, आदेश की अवहेलना पर ASI-आरक्षक भी निलंबित
मध्य प्रदेश पुलिस के शहडोल जोन में अनुशासनहीनता को लेकर एक बड़ी कार्रवाई की गई है, जहां ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने और गरिमा के प्रतिकूल आचरण करने व ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 21 Mar 2026 11:36:08 PM (IST)Updated Date: Sun, 22 Mar 2026 06:52:23 AM (IST)
फोटो- पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय।HighLights
- जींस पहनकर आईजी के सामने पहुंचने पर हेड कांस्टेबल सस्पेंड
- शहडोल जोन आईजी ने की बड़ी कार्रवाई
- एसडीओपी धनपुरी को सौंपा जांच का जिम्मा
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। मध्य प्रदेश पुलिस के शहडोल जोन में अनुशासनहीनता को लेकर एक बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस महानिरीक्षक एन. चैत्रा ने कर्तव्य में लापरवाही बरतने और गरिमा के प्रतिकूल आचरण करने वाले तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
एक पुलिसकर्मी जींस पहनकर आईजी के सामने उपस्थित हुआ था, जिसे अनुशासनहीनता माना गया। वहीं दो पुलिसकर्मी समय पर जानकारी उपलब्ध नहीं करा पाए जिसके चलते उनको निलंबित किया गया। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा अप्रैल 2025 में एक आदेश जारी किया गया था, जिसके तहत उप पुलिस अधीक्षक द्वारा थानों के भ्रमण और बैठकों की जानकारी मांगी गई थी।
शहडोल, उमरिया और अनूपपुर जिलों से यह जानकारी लंबे समय से लंबित थी और इसे आईजी कार्यालय के समक्ष प्रस्तुत नहीं किया गया था। जब इस संबंध में आईजी एन. चैत्रा ने जवाब-तलब किया, तो रीडर शाखा के कर्मचारी न केवल जानकारी देने में विफल रहे, बल्कि प्रधान आरक्षक प्रवीण कुमार तिवारी वर्दी के बजाय जींस पहनकर आईजी के समक्ष उपस्थित हुए।
उच्चाधिकारी के सामने इस तरह की वेशभूषा में आना पुलिस नियमावली और अनुशासन का गंभीर उल्लंघन माना गया। आईजी ने सहायक उप निरीक्षक परवेज खान रीडर शाखा जिला अनूपपुर, प्रधान आरक्षक प्रवीण कुमार तिवारी जिला उमरिया, आरक्षक गौरव सिंह जिला अनूपपुर को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान इन सभी को उनके संबंधित जिलों के रक्षित केंद्र में संबद्ध कर दिया गया है।