
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। शहडोल जिले में रुक-रुककर हो रही बारिश अब आफत बनती जा रही है। धनपुरी नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर-5 में काली मंदिर के पास बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बारिश के बीच एक खपरैल मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय मकान के अंदर संतोष बर्मन, उनकी पत्नी साधना बर्मन और मासूम बच्ची गुनगुन सो रहे थे।
मकान का हिस्सा सीधे उनके ऊपर आ गिरा और तीनों मलबे की चपेट में आ गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और बिना देर किए राहत कार्य शुरू कर मलबे में दबे तीनों को बाहर निकाला। गनीमत रही कि तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। तीनों को अंदरूनी चोटें आई हैं।

मकान गिरने से परिवार की पूरी गृहस्थी तहस-नहस हो गई। घर में रखा सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया है, परिवार दहशत में है। लगातार बारिश से पहले से कमजोर हो चुके कच्चे और खपरैल मकानों पर खतरा बढ़ गया है। घटना ने एक बार फिर बरसात के मौसम में जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा और प्रशासन की सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें- मुरैना के गस्ताैली गांव में निर्माणाधीन मकान गिरा, दो साल के मासूम की दबकर मौत