शहडोल में चार्जिंग पर लगी ई-स्कूटी में ब्लास्ट से घर में लगी भीषण आग, जेवर, नगदी समेत बेटी की शादी का सारा सामान जलकर खाक
जिले के अमलाई थाना क्षेत्र में शनिवार रात चार्जिंग में लगी एक ई-स्कूटी में अचानक ब्लास्ट हुआ और आग ने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 29 Mar 2026 04:48:27 PM (IST)Updated Date: Sun, 29 Mar 2026 04:54:30 PM (IST)
घर में लगी भीषण आगHighLights
- ई-स्कूटी ब्लास्ट से घर में लगी भीषण आग
- शादी से पहले लाखों का सामान और नकदी जलकर खाक
- दीवार फांदकर परिवार ने बचाई जान
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिले के अमलाई थाना क्षेत्र में शनिवार रात चार्जिंग में लगी एक ई-स्कूटी में अचानक ब्लास्ट हुआ और आग ने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। परिवार में कुछ ही दिनों बाद बेटी की शादी होनी थी, लेकिन उससे पहले ही आग ने घर में रखे जेवर, नगदी और शादी का सामान राख कर दिया।
शादी से पहले उजड़ा घर
इस हादसे में घर में खड़ी दो बाइक, एक ई-स्कूटी, लाखों रुपये के जेवरात, करीब दो लाख रुपये नकद और बेटी की शादी का पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया। अमलाई थाना क्षेत्र के धनपुरी नगर पालिका अंतर्गत वार्ड नंबर 12 में महिला बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर सुनीता रजक के निवास पर यह घटना हुई। परिवार में 21 अप्रैल को बेटी की शादी तय है।
![naidunia_image]()
चार्जिंग के दौरान हुआ धमाका
बताया गया है कि सुनीता रजक और उनका परिवार रात में गहरी नींद में था। घर के आंगन में खड़ी ई-स्कूटी चार्जिंग पर लगी थी, तभी अचानक बैटरी में जोरदार ब्लास्ट हुआ और आग तेजी से फैल गई। आग की लपटों ने घर के इलेक्ट्रिक मीटर और मुख्य द्वार को भी अपनी चपेट में ले लिया।
दीवार फांदकर बचाई जान
जब परिवार की नींद खुली तो बाहर निकलने का रास्ता बंद हो चुका था। जान बचाने के लिए सुनीता रजक, उनके पति प्रमोद रजक और बेटी साक्षी ने घर की पिछली दीवार लांघकर पड़ोसी के घर में शरण ली।
इस दौरान किचन में रखे दो गैस सिलेंडर भी आग की चपेट में आ गए थे, लेकिन समय रहते उन्हें बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सब कुछ जलकर हुआ राख
घर में खड़ी दो पल्सर बाइक और एक ई-स्कूटी पूरी तरह जल गई। शादी के लिए रखे गए जेवर, नकदी और गृहस्थी का सामान नष्ट हो गया। घर में रखा एक्वेरियम भी नहीं बच सका और उसमें मौजूद मछलियां तक जल गईं। घर के मंदिर में रखी प्रतिमाएं और इलेक्ट्रिक मीटर भी आग की चपेट में आ गए।