
नईदुनिया प्रतिनिधि शहडोल: जिला पंचायत शहडोल ने महिलाओं से अभद्र व्यवहार करने वाली अधिकारी पर बड़ी कार्रवाई की है। जयसिंहनगर जनपद के गोपालपुर संकुल में पदस्थ सहायक विकासखंड प्रबंधक पूजा एस दीक्षित को विकासखंड प्रबंधक / प्रभारी जयसिंहनगर के दायित्वों से मुक्त करते हुए जिला कार्यालय शहडोल में संलग्न कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार दीक्षित के खिलाफ महिलाओं को अपमानित करने, डराने-धमकाने, अभद्र व्यवहार करने और भययुक्त वातावरण तैयार करने की लिखित शिकायत और वीडियो क्लिप सामने आई थी। नईदुनिया में प्रकाशित होने के बाद मामला सामने आने के बाद जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिवम प्रजापति ने इसे गंभीरता से लिया।
आदेश में कहा गया है कि मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय दल का गठन किया गया है। जांच पूरी होने तक उन्हें जिला कार्यालय में अटैच किया गया है। यह कार्रवाई मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शहडोल द्वारा की गई है।
यह भी पढ़ें- शहडोल के बोड़री में युवक की धारदार हथियार से हत्या, बरुहा नदी किनारे खून से लथपथ मिला, शरीर पर मिले निशान