
नईदुनिया न्यूज,बाणसागर। जिले के बाणसागर बांध का जलस्तर लगभग भराव के करीब पहुंच गया है। बांध में पानी की लगातार आवक को देखते हुए सोमवार से ही आठ रेडियल गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है।
जल संसाधन विभाग के अनुसार 01 सितंबर को बांध का जलस्तर 341.58 मीटर दर्ज किया गया है, जबकि पूर्ण भराव स्तर 341.64 मीटर है। इस प्रकार बांध 98.42 प्रतिशत तक भर चुका है। पिछले साल आज के दिन जलस्तर 341.50 मीटर था। बांध में वर्तमान में 5343.89 एमसीएम जल का जीवित भंडारण है।
बांध में वर्तमान में 2466.83 क्यूमेक पानी की आवक हो रही है, जबकि कुल निकासी 3458.84 क्यूमेक है। निकासी में बिजली घर क्रमांक-3 से 174.84 क्यूमेक, दांई मुख्य नहर से 01 क्यूमेक, भितरी नहर से 01 क्यूमेक और वाष्पीकरण हानि 05 क्यूमेक शामिल है।
सबसे अधिक पानी स्पिलवे के माध्यम से छोड़ा जा रहा है। बांध के 8 रेडियल गेट क्रमांक 6, 7, 8, 9, 10, 11, 12 और 13 को 2-2 मीटर तक खोला गया है जिनसे कुल 3277 क्यूमेक पानी सोन नदी में छोड़ा जा रहा है। विभाग के अनुसार कल से ही आठ गेट से लगातार पानी निकाला जा रहा है।
देवलोंद स्टेशन पर मंगलवार को 40.64 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इस सीजन की अब तक की कुल बारिश 789.09 मिलीमीटर हो चुकी है। बांध के गेट खुले होने से सोन नदी के निचले क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने की संभावना है। प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
कार्यपालन यंत्री एस के शर्मा ने बताया कि लगातार बांध में पानी की आवक होने के कारण अभी 8 गेट से पानी की निकासी की जा रही है। नजर रखी जा रही। 2 दिन से लगातार 8 गेट से पानी की निकासी हो रही है। बांध के उपर क्षेत्रों में अभी भी बारिश का दौर जारी है।
कारण बांध में लगातार पानी की आवक हो रही है। उसी हिसाब से बांध से बाहर भी पानी निकाला जा रहा है,ताकि बांध की सुरक्षा बनी रहे। आसपास व बांध के निचले क्षेत्रों में लगातार मुनादी कराई जा रही है और सतर्क रहने के कहा जा रहा है।
कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील की है। जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। नागरिकों को जलभराव वाले स्थानों से उचित दूरी बनाए रखने और नदी-नालों, पुल-पुलियों के पास न जाने की सलाह दी गई है। तटीय क्षेत्रों के निवासियों से सतर्क रहने की अपील की है और जलभराव की स्थिति की जानकारी साझा करेंें।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के 3319 मेधावी छात्रों के खातों में पहुंचे 25-25 हजार रुपये, लैपटॉप खरीदने की राशि मिलते ही चेहरे पर आई खुशी