शहडोल में मार्निंग वॉक पर निकली महिला से ठगी, सम्मोहित कर सोने की चेन और अंगूठी लेकर भागे बदमाश
जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 26 Apr 2026 06:26:07 PM (IST)Updated Date: Sun, 26 Apr 2026 06:26:07 PM (IST)
मार्निंग वॉक पर निकली महिला से ठगी( एआई फोटो)HighLights
- वॉक के दौरान महिला को बातों में उलझाकर ठगी
- गलत साया हटाने के बहाने गहने उतरवाकर फरार
- सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस कर रही जांच
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां रविवार सुबह मार्निंग वॉक पर निकली एक महिला को दो अज्ञात बदमाशों ने सम्मोहित कर लाखों रुपये कीमत के गहने छीन लिए और फरार हो गए। घटना बस स्टैंड के पास की है, जहां बदमाशों ने महिला को रोककर उसे अपनी बातों में उलझाया और डर का माहौल बनाकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस में दी शिकायत
इस मामले में बविता ठाकुर (49) पत्नी राजकुमार ठाकुर निवासी शास्त्री नगर, शहडोल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सुबह टहलने निकली थीं। इसी दौरान बस स्टैंड के पास दो युवक उनसे मिले और बातचीत शुरू कर दी।
बदमाशों ने महिला से कहा कि उसके घर पर गलत साया है और इसे दूर करने के लिए पूजा कराना जरूरी है। उन्होंने महिला को विश्वास में लेते हुए कहा कि वह अपने गले की सोने की चेन और हाथ की अंगूठी तुरंत उतार दें, ताकि पूजा की प्रक्रिया पूरी की जा सके। महिला उनके झांसे में आ गई और अपने गहने उतारकर उन्हें दे दिए। इसके बाद दोनों वहां से भाग गए।
महिला को हुआ ठगी का अहसास
कुछ देर बाद महिला को अहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो चुकी है। उसने शोर मचाया और आसपास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी दी, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। इस तरह की ठगी की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र के गांधी चौक और अंडर ब्रिज इलाके में भी इसी तरह महिलाओं को निशाना बनाया गया था, लेकिन अब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।