
नईदुनिया प्रतिनिधि, शाजापुर। शाजापुर जिला जेल से एक विचाराधीन कैदी फिल्मी स्टाइल में दीवार कूदकर भाग गया था। पुलिस ने खोज शुरू की तो वह 750 किमी दूर छत्तीसगढ़ के दल्लीराजहरा भोयाटोला स्थित अपने ससुराल में मिला। जानकारी के मुताबिक भागने से पहले करीब 10 दिनों तक उसने जेल में प्रहरियों पर कड़ी नजर रखी। इसके साथ ही दीवार पर चढ़ने की तैयारी भी की थी।
मारपीट के साधारण मामले में चार माह से अधिक समय से जेल में बंद विचाराधीन कैदी को जेल की टीम ने छत्तीसगढ़ स्थित उसके ससुराल से पकड़ लिया है। कैदी का पैर टूटा हुआ है, जेल की टीम का कहना है कि भागते समय दीवार फांदने के दौरान उसका पैर टूट गया।
कैदी ने मीडिया से चर्चा में बताया कि वह मारपीट के मामले में चार माह से अधिक समय से बंद था। उसकी जमानत नही हो रही थी और परिवार बच्चों की याद और चिंता उसे सता रही थी। इसीलिए वह जेल से भागा था।
शाजापुर जिला जेल से 15 मार्च को दीवार फांदकर फरार हुए विचाराधीन 35 वर्ष कैदी जयराम उर्फ जीवन की तलाश में जेल की टीम लगी हुई थी। जेल अधीक्षक दुष्यंत पगारे ने बताया कि उप अधीक्षक जेल सुनील मंडेलकर के नेतृत्व में टीम उसकी तलाश में लगी थी। मक्सी स्थित घर पर भी मुखबिर लगाए गए थे।
इसी दौरान आरोपित की ससुराल पक्ष के स्वजन का उसकी पत्नी के पास फोन आया और बताया कि वह छत्तीसगढ़ स्थित ससुराल आ गया है। जानकारी मिलते ही टीम छत्तीसगढ़ रवाना हुई और उसे पकड़कर गुरुवार को शाजापुर ले आई।
कैदी ने बताया कि वह जेल की दीवार फांदने के बाद दो-तीन वाहन वालों से लिफ्ट लेकर बेरछा रेलवे स्टेशन पहुंचा। किराए और खर्च के लिए उसने लोगों से रुपये भी मांगे। तीन ट्रेन बदलकर वह छत्तीसगढ़ के दल्लीराजहरा भोयाटोला स्थित अपनी ससुराल पहुंचा था।
कैदी ने मक्सी थाने के पुलिसकर्मी वीरेंद्र शर्मा पर रिश्वत लेकर उसे फंसाने का आरोप लगाया। सामने वाला मोटरसाइकिल से गिरा था फिर भी मुझ पर धारा 307 लगा दी। कैदी के बयान से पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। इसके पहले भी मक्सी थाना क्षेत्र में पुलिस टीम की मौजूदगी से अवैध वसूली का वीडियो बहुप्रसारित हो चुका है।
जिला जेल शाजापुर से वर्ष 2010 में भी एक कैदी इसी तरह दीवार फांदकर भाग गया था। 15 मार्च को फिर एक कैदी इसी तरह भागा। इन मामलों ने जेल की सुरक्षा और यहां के अमले की कार्यप्रणाली,निगरानी तंत्र पर सवाल खड़े कर दिये हैं। इसे लेकर जेल अधीक्षक दुष्यंत कुमार पगारे ने बताया कि मामले में एक प्रहरी प्रदीप वर्मा को निलंबित किया गया है। जेल की सुरक्षा पुख्ता करने के साथ स्टाफ को भी दिशा निर्देश दिये गये हैं।