
नईदुनिया प्रतिनिधि, शाजापुर। बिजली बिल बकायादार गांव में बिजली कंपनी द्वारा विद्युत सप्लाई बंद करने को लेकर बुधवार को बिजली कंपनी के कार्यालय में जमकर हंगामा हुआ। दरअसल ग्राम भदौनी के ग्रामीण बुधवार दोपहर शाजापुर विधायक अरूण भीमावद के कार्यालय पहुंचे।
कहा कि गांव के बिजली बंद है, एक दिन पहले ग्राम बिकलाखेड़ी के ग्रामीणों की भी बिजली कंपनी में इसी बात को लेकर अधिकारियों से कहासुनी हुई थी।
इसे लेकर विधायक भीमावद ने बिजली कंपनी कार्यपालन यंत्री चंद्रशेखर झा को फोन करके बिजली चालू करने को कहा। झा ने कहा कि बकाया बिल की दस फीसद राशि जमा होने पर ही सप्लाई चालू हो सकेगी।

किंतु विधायक बोले कि बिकलाखेड़ी में विवाह समारोह है। मैं वहां जाऊंगा तो ग्रामीण समस्या बताएंगे, इसलिये सप्लाई चालू कर दो। इस पर कार्यपालन यंत्री झा ने कहा कि बिना राशि जमा किए बिजली सप्लाई शुरू नहीं होगी। चाहे तो मुझे हटा दें। झा का यह जवाब सुनकर विधायक नाराज हो गए।
उनका कहना था कि अधिकारी विधायक को ही इस तरह से जवाब दे रहे हैं तो आमजन से कैसा व्यवहार होगा। वह समर्थकों के साथ बिजली कंपनी के कार्यालय पहुंच गये।यहां काफी देर तक बातचीत और हंगामा हुआ।
अंत में विधायक ने 24 घंटे में व्यवस्था सुधारने की चेतावनी दी।इधर, बिजली कंपनी के अधिकारी बोले की वसूली को लेकर उन पर भी दबाव है।
वसूली की स्थिति ठीक नही है, ऐसे में बिना न्यूनतम राशि जमा किये हम सप्लाई चालू नही कर सकते। हंगामे के दौरान समर्थक और ग्रामीणों ने भी बिजली कंपनी के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किये और जमकर खरी खोटी सुनाई।माहौल काफी तनावपूर्ण रहा और कार्यालय के कर्मचारी भी परेशान व दहशत में दिखाई दिये।