
नईदुनिया प्रतिनिधि, शाजापुर। राजगढ़ जिले के सारंगपुर निवासी एक दंपती के एक माह के शिशु के गले में सेफ्टी पिन फंस गई। स्वजन शिशु को लेकर जिला अस्पताल शाजापुर पहुंचे। यहां नाक, कान, गला रोग विशेषज्ञ डॉ. तेजपालसिंह जादौन ने दूरबीन से बच्चे के गले की जांच की। पिन टॉन्सिल तक पहुंची हुई थी। उन्होंने लेरिंगोस्कोप की मदद से प्रक्रिया कर करीब 15 मिनट में पिन निकाल दी।
स्वजन ने बताया कि बच्चे ने गले में पहना धागा मुंह में डाल लिया था। धागे में लगी पिन खुलकर उसके गले के टॉन्सिल तक पहुंच गई। स्वजन ने गले में फंसी पिन निकालने का प्रयास किया। शिशु को जिला अस्पताल लेकर आए जहां शिशु की स्थिति को देखते हुए डॉ. जादौन ने तत्काल चिकित्सीय प्रक्रिया कर गले में फंसी पिन निकाली।
यह भी पढ़ें- भोपाल BMHRC के डॉक्टरों का कमाल, बड़ी आंत से बनाई युवक की नई आहार नली, 1.5 साल बाद मुंह से खाया खाना
डॉ. जादौन ने बताया कि शिशु के गले के टॉन्सिल तक पिन पहुंच गई थी। महत्वपूर्ण बात यह थी कि पिन खुली हुई थी। ऐसे में शिशु के गले में गंभीर चोट लगने या अन्य नुकसान पहुंचने का खतरा था। इसके चलते तत्काल विभिन्न उपकरणों की मदद से पिन बच्चे के गले से निकाली। बच्चे को एहतियात के तौर पर जिला अस्पताल में भर्ती किया है।