
नईदुनिया प्रतिनिधि, शाजापुर: जिले के शुजालपुर से करीब 12 किलोमीटर दूर टपका बसंतपुर गांव में रविवार सुबह कब्रिस्तान की जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच पथराव और फायरिंग के बाद मारपीट तथा तोड़फोड़ हुई। घटना में 26 लोग घायल हुए हैं। इनमें महिलाएं और 90 वर्षीय बुजुर्ग भी शामिल हैं। एक पक्ष के 11 और दूसरे पक्ष के 15 लोग घायल हुए। गांव में पुलिस बल तैनात है। दोनों पक्षों की शिकायत पर कुल 39 लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है।
दूसरे पक्ष के फरियादी रिजवान (32) ने आरोप लगाया कि इलियास, इफराक और उनके साथ आए लोग हथियार लेकर उनके घर में घुसे। उनके मुताबिक, उन पर तलवार से हमला हुआ और उनके पिता शाहबुद्दीन सहित परिवार के अन्य लोगों को फरसा, लाठी और पत्थरों से पीटा गया। शिकायत में घर के सामान, दरवाजे, ट्रैक्टर और दो मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ का आरोप है। रिजवान ने यह भी कहा कि उनकी बहू सिमरन का मंगलसूत्र तोड़ा गया और कब्रिस्तान आने पर दोबारा हमले की धमकी दी गई।
यह भी पढ़ें- MP में साइबर ठगी का नया तरीका; खाते होल्ड होने से पहले एटीएम से कैश निकाल रहे जालसाज
पहले पक्ष के घायलों में बोदर खां, इलियास अली, इफराक अली, कल्लू खां, सलीम खां, सलामुद्दीन, इमरान, नवाब खां, मुबारिक, आरिफ और इरशाद खां हैं। दूसरे पक्ष के घायलों में शाहबुद्दीन, रिजवान, फखरुद्दीन, अलाउद्दीन, बिन्यामिन, नईमुद्दीन, दिलशाद, साजिद, भूरी बी, रिहाना बी, सिमरन, यूनुस, उस्मान, शोएब और 90 वर्षीय शमशाद शामिल हैं।
गांव में करीब 1.75 बीघा जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद बताया जा रहा है। एक पक्ष ने जमीन पर कब्जे की कोशिश का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष का कहना है कि जमीन से जुड़े दस्तावेजों में गड़बड़ी की गई है।