
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। जिले के रन्नौद क्षेत्र के बामौरकलां गांव में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। 8 साल की मासूम बच्ची की जहरीले सांप के काटने से मौत हो गई। घटना सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात करीब 1 बजे की है। बच्ची अपने माता-पिता और भाई-बहन के साथ जमीन पर सो रही थी, तभी यह हादसा हो गया।
मृतका का नाम सृष्टि पुत्री जुझार रजक, उम्र 8 साल, निवासी बामौरकलां है। रात करीब 1 बजे जहरीला सांप आकर उसकी छाती पर बैठ गया और सीधे उसकी नाक पर डस लिया। सांप के डसते ही सृष्टि की तेज चीख निकल पड़ी और उसने अपने हाथ से सांप को हटाया। चीख सुनकर उसके माता-पिता जाग गए। पिता ने मौके पर ही सांप को मार दिया।
परिजन बिना देर किए बच्ची को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसे 5 एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन लगाए। हालत गंभीर होने पर उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने 10 और इंजेक्शन लगाए, लेकिन तब तक जहर पूरे शरीर में फैल चुका था। रात करीब 3 बजे मासूम ने दम तोड़ दिया। सुबह बच्ची के शव को गांव लाया गया।
इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में इस समय सांप-बिच्छुओं का खतरा बढ़ गया है, लेकिन स्वास्थ्य केंद्रों पर रात में समुचित व्यवस्था नहीं है। एक ही रात में परिजन दो अस्पतालों के चक्कर काटते रहे, लेकिन मासूम की जान नहीं बचाई जा सकी। यह घटना गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में 9 साल की बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश, बहाने से घर में बुलाया, धमकाकर की गलत हरकत