'AC नहीं, देसी अपनाएं...भीषण गर्मी दूर भगाएं', ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया प्रचंड गर्मी से बचने का गजब फॉर्मूला, वीडियो वायरल
Jyotiraditya Scindia Video: मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी के बीच शिवपुरी में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 27 Apr 2026 03:59:04 PM (IST)Updated Date: Mon, 27 Apr 2026 03:59:04 PM (IST)
शिवपुरी में मंच से केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने दिखाया प्याजHighLights
- शिवपुरी में 2500 करोड़ प्रोजेक्ट की घोषणा
- मध्यप्रदेश में 44 डिग्री तापमान, लू का असर
- सिंधिया का देसी नुस्खा सोशल मीडिया पर वायरल
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी: मध्यप्रदेश में इन दिनों तेज गर्मी का प्रकोप जारी है। खासकर ग्वालियर-चंबल अंचल में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। कई शहरों में लू चल रही है, जिसे लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। लोगों को धूप से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
शिवपुरी में सिंधिया का बयान चर्चा में
इसी भीषण गर्मी के बीच ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia Viral Video) का एक बयान चर्चा का विषय बन गया है। शिवपुरी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मंच से गर्मी से बचने के लिए देसी उपाय साझा किया, जिसका वीडियो अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जेब में प्याज रखने की दी सलाह
कार्यक्रम के दौरान सिंधिया ने अपनी जेब से प्याज निकालकर लोगों को दिखाया और कहा कि वे गर्मी से बचने के लिए इसे जेब में रखते हैं। उन्होंने कहा कि लोग आधुनिक साधनों पर निर्भर हो गए हैं, जबकि पारंपरिक उपाय भी उतने ही प्रभावी हैं।
उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि जहां लोग गैजेट्स लेकर चलते हैं, वहीं एक संचार मंत्री प्याज लेकर घूम रहा है। साथ ही उन्होंने आयुर्वेद और पुराने तरीकों को अपनाने पर भी जोर दिया।
एसी का नहीं करते उपयोग
सिंधिया ने अपने संबोधन में यह भी बताया कि वे अपनी गाड़ी में एसी का इस्तेमाल नहीं करते और न ही एसी वातावरण में रहना पसंद करते हैं। उन्होंने कहा कि गर्मी में काम करना चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन उन्हें पसीना बहाने में भी आनंद मिलता है।
उन्होंने चंबल क्षेत्र के लोगों की सहनशक्ति का जिक्र करते हुए कहा कि यहां की गर्मी में रहने की आदत ही उनकी ताकत है।
विकास कार्यों की दी सौगात
दरअसल, सिंधिया शनिवार-रविवार को शिवपुरी प्रवास पर थे। इस दौरान उन्होंने बदरवास में अडानी फाउंडेशन की जैकेट फैक्ट्री का उद्घाटन किया। साथ ही क्षेत्र में करीब 2500 करोड़ रुपये के डिफेंस प्रोजेक्ट की घोषणा भी की। उनके इस दौरे में जहां विकास कार्यों की सौगात दी गई, वहीं उनका देसी नुस्खा भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।