
नईदुनिया प्रतिनिधि शिवपुरी। जिले के इंदार ग्राम में मंगल-बुधवार की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने इंदार निवासी शिक्षक रामवीर सिंह रघुवंशी और किसान चंद्रप्रकाश रघुवंशी के घर को निशाना बनाकर वहां से एक किलो 450 ग्राम सोना, दो किलो चांदी व 20 लाख रुपये नगद चोरी कर ले गए। पुलिस के अनुसार सबसे बड़ी चोरी किसान चंद्रप्रकाश रघुवंशी के घर हुई है। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।
किसान चंद्रपकाश रघुवंशी के बेटे आशीष रघुवंशी ने जानकारी देते हुए बताया कि उनका परिवार रात करीब 12 बजे तक तो जगा हुआ था। इसके बाद सभी लोग सोने चले गए। इसी क्रम में रात करीब 2:15 मिनट पर उनके पिता चंद्रप्रकाश रघुवंशी टॉयलेट जाने के लिए उठे तो उन्हें कमरा खुला हुआ दिखाई दिया। इस पर वह कमरे की तरफ गए और कमरे के बाहर लगे स्विच से लाइट जलाई, जिस पर चोर कमरे से बाहर निकलकर सीढियां चढ़ते हुए भागा, तो पिताजी ने चिल्लाना शुरू कर दिया। पिता की आवाज सुनकर छोटा भाई विशाल जाग गया, उसने चोर का पीछा भी किया परंतु चोर छतों के रास्ते एक पड़ोसी की टीनशेड पर कूंदकर वहां से फरार हो गया।
आशीष की मानें तो कमरे के अंदर रखा हुआ एक बक्शा उन्हें टूटा हुआ छत पर मिला है। संभवत: चोर ने पहले उस बक्शे को छत पर ले जाकर तोड़ा होगा। आशीष का कहना है कि उन्होंने खेती के लिए बैंक से किसान केड्रिट कार्ड के माध्यम से ऋण लिया था। उन्हें बैंक में केसीसी की राशि जमा करनी थी।
इसी के चलते उन्होंने सरसों की फसल बेचकर करीब 15 लाख रुपये एकत्रित किए थे, ताकि बैंक में पैसा जमा कर सकें। इसके अलावा आशीष की मां ने थोड़े-थोड़े रुपये करके लगभग पांच लाख रुपये की बचत की थी। यह पूरी रकम बक्शों में रखी हुई थी, जिसे चोर लेकर भाग गए।
शिक्षक रामवीर सिंह रघुवंशी के घर पर ताले लगे हुए थे और वह अपने परिवार के साथ गुना में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। चोरों ने उनके घर से करीब 15 तौले सोने के जेवर व पांच हजार रुपये नकदी चुरा ली। चोरी की वारदात का पता सुबह उस समय चला जब शिक्षक का छोटा भाई शिवकुमार रघुवंशी सोकर उठा।
शिवकुमार के अनुसार उनके भाई ग्राउंड फ्लोर पर रहते थे, जबकि वह ऊपर के पोर्सन में। रात में उसे चोरी की वारदात का पता ही नहीं चला। चंद्रप्रकाश रघुवंशी के घर पर 1.20 किलो सोने के जेवर सहित दो किलो चांदी के जेवर और 20 लाख रुपये नगद एक कमरे में तीन बक्शों में रखे हुए थे। चोर ने तीनों बक्शों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
फरियादी द्वारा जो तथ्य बताए जा रहे हैं, उन सभी तथ्यों का क्रास वैरीफिकेशन और जांच की जा रही है। पड़ताल में जो भी वस्तुस्थिति सामने आएगी, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल फरियादी द्वारा हमें सामान की सूची प्रदान नहीं की गई है। इस कारण फिलहाल एफआईआर नहीं हुई है। यह सही है कि पिछले कुछ महीनों में इंदार में अब तक तीन बड़ी चोरी हो चुकी हैं। पुलिस सभी की पड़ताल कर रही है। संजय मिश्रा, एसडीओपी कोलारस।