शिवपुरी में नरवर किले में खजाने की तलाश! पसर देवी मंदिर के पीछे खोदी 15 फीट लंबी सुरंग
मंदिर के पुजारी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से खुदाई के औजार बरामद किए हैं। ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 14 Apr 2026 12:22:06 PM (IST)Updated Date: Tue, 14 Apr 2026 12:22:06 PM (IST)
नरवर किले में मंदिर के पीछे मिली 15 फीट गहरी सुरंग (AI Generated Image)HighLights
- नरवर किले के पसर देवी मंदिर में अवैध खोदाई
- खजाने के लालच में 15 फीट गहरी सुरंग खोदी
- पकड़े जाने से बचने के लिए झाड़ियों से ढकी सुरंग
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी: ऐतिहासिक धरोहरों के लिए प्रसिद्ध नरवर किला एक बार फिर दफीना (खजाना) खोजने वालों के निशाने पर है। अज्ञात लोगों ने किले के भीतर स्थित पसर देवी मंदिर की पिछली दीवार में सुरंग खोदकर प्राचीन संपदा तक पहुंचने की कोशिश की है।
पुजारी की सजगता से हुआ खुलासा
पसर देवी मंदिर के पुजारी रमेश पंडा ने जब मंदिर के पिछले हिस्से में संदिग्ध गतिविधियां देखीं, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची नरवर पुलिस ने पाया कि आरोपियों ने करीब 10 से 15 फीट लंबी सुरंग तैयार कर ली थी। खास बात यह है कि इस सुरंग को छिपाने के लिए इसे झाड़ियों और पत्तों से ढंक दिया गया था ताकि किसी की नजर न पड़े।
मौके पर मिले खुदाई के औजार
तलाशी के दौरान पुलिस को घटनास्थल से गैती, सब्बल और एक कंबल बरामद हुआ है, जिससे प्रतीत होता है कि खोदाई का काम रात के समय गुपचुप तरीके से किया जा रहा था। नरवर थाना प्रभारी विनय यादव ने बताया कि किले की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले इन तत्वों की पहचान की जा रही है।
पुरातत्व संपदा पर मंडराता खतरा
नरवर किले पर अक्सर खजाना खोजने वालों द्वारा खोदाई की खबरें आती रहती हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि मंदिर परिसर में खजाना होने की अफवाहों के चलते ऐसी घटनाएँ होती हैं। फिलहाल पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और औजारों के आधार पर सुराग जुटाए जा रहे हैं।