शिवपुरी: वन-स्टॉप सेंटर के बाहर बेटी को भगाने वाले युवक को मां ने बीच सड़क पर चप्पलों से पीटा,वीडियो वायरल
यह मामला न्यू ब्लाक क्षेत्र में दिन भर चर्चा का विषय बना रहा।
Publish Date: Tue, 07 Jul 2026 10:28:18 AM (IST)Updated Date: Tue, 07 Jul 2026 10:28:49 AM (IST)
युवक को चप्पलों से पीटती युवती की मां। वीडियोग्रेबHighLights
- कोर्ट में पेशी के दौरान शादी करने की रच रहे थे साजिश
- बजरंग दल की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने जमकर किया हंगामा
- समझौता न होने पर बेटी को साथ ले गए माता-पिता, युवक फरार
नईदुनिया प्रतिनिधि शिवपुरी। पुराने पाक्सो केस की तारीख पर कोर्ट पहुंचे प्रेमी युगल को शादी की तैयारी करना भारी पड़ गया। वकीलों से शादी का आवेदन तैयार कराने की भनक लगते ही हिंदू संगठन सक्रिय हो गए और मामला वन-स्टाप सेंटर से निकलकर सड़क पर मारपीट तक जा पहुंचा। लड़की की मां ने वन स्टाप सेंटर के बाहर बीच सड़क पर लड़के की चप्पलों से मारपीट कर दी। वहां मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया। यह मामला न्यू ब्लाक क्षेत्र में दिन भर चर्चा का विषय बना रहा।
यह है पूरा मामला
वर्ष 2025 में मुजफ्फरनगर निवासी अब्दुल रहमान कोरोना काल में फर्नीचर का काम करने कोलारस आया था। यहां एक हिंदू परिवार के मकान में किराए से रहा। परिजनों का आरोप है कि युवक ने उक्त परिवार की नाबालिग लड़की को अपने प्यार के जाल में फांस लिया। जब परिवार वालों को इसकी भनक लगी तो युवक-युवती ने उन्हें भरोसा दिलाया कि, उनके बीच भाई-बहन का रिश्ता है। इसके बाद मौका पाते ही युवक-युवती को लेकर मुजफ्फरनगर भाग गया। उस समय पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अपहरण व पाक्सो एक्ट का मामला कायम कर युवती को बरामद कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को जेल भेजा गया।
जेल से जमानत मिलने के बाद युवती ने युवती से फिर से संपर्क किया और उसे अपने पास आने के लिए राजी किया। लड़की इस बार बालिग हाेने पर भाग कर उसके पास पहुंच गई। इसी क्रम में पुराने पाक्सो एक्ट के मामले में आज दोनों पेशी पर शिवपुरी न्यायालय पहुंचे। पेशी पर दोनों ने शादी करने की इच्छा जाहिर की और जब वह कोर्ट के बाहर शादी के लिए आवेदन आदि तैयार करवा रहे थे, तभी बजरंग दल के विनोद पुरी को मामले की जानकारी लग गई।
विनोद पुरी अपने साथियों के साथ जब मौके पर पहुंचे और पूरे मामले को समझकर लडकी के स्वजनों को शिवपुरी बुलवाया। लड़की के परिवार वालों ने बेटी को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं मानी, अंतत: मामला वन-स्टाफ सेंटर पहुंचा वहां भी वह तैयार नहीं हुई। इसके बाद वन स्टाप सेंटर के बाहर जमकर हंगामा हो गया। बताया जा रहा है कि मारपीट और हंगामे के बाद युवती को उसके माता-पिता अपने साथ ले गए। वहीं युवक और उसके पिता वापस मुजफ्फरनगर लौट गए।