
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। कोतवाली थानांतर्गत गणेश कालोनी में निवासरत एक युवक ने पहले तो अपने से उम्र में बड़ी महिला को प्यार के जाल में फंसाया और फिर बाद में उसे शादी का झांसा देकर पति से तलाक दिलवा दिया। करीब एक साल तक उसे अपने घर में लिव-इन-रिलेशनशिप में रखा। उसका दैहिक शोषण किया और जब उसका महिला से मन भर गया तो उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता ने कोतवाली थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज करवाई, जिस पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ बीएनएस की धारा 69 के तहत आपराधिक प्रकरण कायम कर लिया है।
जानकारी के अनुसार ग्वालियर निवासी एक 25 वर्षीय शादीशुदा महिला तीन साल पहले एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए शिवपुरी आई थी। उक्त महिला की मुलाकात वहां फिल्म मेकिंग सिनेमैटोग्राफर मोक्ष पुत्र चंद्रपाल सिंह सिकरवार से हुई। मोक्ष ने पीड़िता से पहले दोस्ती की और जब दोनों में अच्छी बातचीत होने लगी तो मोक्ष ने उसे प्रपोज किया कि, वह उससे बहुत प्यार करता है। पीड़िता के अनुसार उसने मोक्ष को बताया कि वह एक तो उम्र में उससे बड़ी है, दूसरा शादीशुदा है, वह जो चाहता है वह संभव नहीं है। इसके बाद कुछ दिन तक तो दोनों के बीच बातचीत नहीं हुई, लेकिन बाद में कुछ ऐसे हालात बने कि दोनों के बीच बात होने लगी।
करीब दो साल तक चली यह दोस्ती और प्यार बाद में पीड़िता के पहले पति के सामने आ गया। दोनों पक्षों में खूब कहासुनी और झगड़े भी हुए, लेकिन अंत में मोक्ष ने पीड़िता को पति से तलाक लेने पर मजबूर कर दिया। पीड़िता व उसके पति के बीच न्यायालय से तलाक होने के बाद मोक्ष और पीड़िता शिवपुरी में मोक्ष के घर में लिव-इन-रिलेशन में रहने लगे। इस दौरान मोक्ष ने पीड़िता को शादी का वादा करते हुए उसके साथ कई बार उसका दैहिक शोषण भी किया। जब मोक्ष का मन पीड़िता से भर गया तो उसने पीड़िता को घर से भगा दिया। उसने शादी से भी इंकार कर दिया। पीड़िता के अनुसार अब वह न तो अपने मायके वालों के यहां जा सकती है और न ही पिछले पति के यहां, उसके सामने कोई दूसरा रास्ता भी नहीं है।
पीड़िता के अनुसार मोक्ष ने उसे भावनात्मक रूप से इतना ब्लैकमेल किया कि उसने अपना मंगलसूत्र और सोने की पत्री बेचकर मोक्ष को कैमरा दिलवाया, ताकि वह अपने कंटेंट तैयार कर अच्छी आय अर्जित कर सके। इसका उल्लेख एफआईआर में भी किया गया है। पीड़िता व मोक्ष के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद के चलते वन स्टॉप सेंटर पर भी दोनों की काउंसलिंग की गई थी। बताया जा रहा है कि मोक्ष उस समय पीड़िता को अपने साथ रखने के लिए तैयार हो गया था, बाद में उसे घर से भगा दिया।