
नईदुनिया प्रतिनिधि, टीकमगढ़। जिला मुख्यालय स्थित नगर पालिका परिसर में आयोजित जन विश्वास कार्यक्रम के दौरान शुक्रवार को हड़कंप मच गया। मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी फरियाद रखने पहुंचे एक युवक ने कार्यक्रम स्थल के बाहर सड़क पर संदिग्ध जहरीला पदार्थ खा लिया। पुलिसकर्मियों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार जारी है।
वार्ड-1 पुरानी टेहरी निवासी सचेंद्र कुशवाहा अपनी पत्नी राधा और बेटी के साथ मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचा था। आरोप है कि पुलिस ने उसे काफी देर तक कार्यक्रम स्थल में प्रवेश नहीं करने दिया। इसके बाद आक्रोशित होकर बाहर निकले सचेंद्र ने सड़क पर संदिग्ध जहरीला पदार्थ खा लिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी उसे ऑटो से जिला अस्पताल ले गए।
सचेंद्र की पत्नी राधा कुशवाहा ने बताया कि टीकमगढ़ किला क्षेत्र में उनकी 1.096 एकड़ पैतृक भूमि है, जिस पर दबंगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। परिवार ने मकान पर 5 लाख रुपये का लोन लिया है। बैंक की किश्तों और कर्जदारों के दबाव के चलते परिवार जमीन बेचकर कर्ज चुकाना चाहता है।
राधा के अनुसार, जमीन के सीमांकन के लिए कई बार आवेदन देने के बावजूद पटवारी सीमांकन नहीं कर रहा है। इसी मामले में परिवार मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाने पहुंचा था। जिला अस्पताल में सिविल सर्जन डा. अमित शुक्ला की देखरेख में सचेंद्र का उपचार जारी है।