
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। कंठाल चौराहे के समीप पुराने कोतवाली थाना भवन के पास स्थित बागड़िया टावर में बुधवार शाम भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग टावर के नीचे स्थित एमपी मेडिकल एजेंसी में लगी थी, जिसका धुआं तेजी से ऊपरी मंजिलों तक फैल गया। देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग धुएं से भर गई और तीसरी से पांचवीं मंजिल तक 25 से अधिक लोग फंस गए।
इनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे। सूचना मिलने पर दमकल की सात गाड़ियां, एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। नगर निगम की क्रेन की मदद से पांचवीं मंजिल पर फंसे कैंसर पीड़ित मरीज को बाहर निकाला गया।
इस रेस्क्यू आपरेशन में स्थानीय रहवासियों और पुलिसकर्मियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। धुएं के कारण दम घुटने से एक महिला की तबीयत बिगड़ गई, जिसे चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने की सूचना मिलते ही कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
शुरुआत में स्थानीय लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के साथ ही इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया।
बिल्डिंग में घना धुआं भरा होने के कारण रेस्क्यू में काफी परेशानी आई। अंदर फंसे लोगों और उन्हें निकालने में जुटे पुलिसकर्मियों को भी सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। इस कारण ऑक्सीजन सिलिंडर भी मंगवाए गए।
बिल्डिंग की ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों को निकालने के लिए नगर निगम की क्रेन की मदद ली गई। क्रेन के जरिए दो रेस्क्यूकर्मी ऊपर पहुंचे और लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में जुट गए। टीआई कोतवाली दीनबंधु सिंह तोमर भी कैंसर पीड़ित मरीज और उनके परिवार को लेकर छत पर पहुंचे। इसके बाद क्रेन की मदद से उन्हें नीचे उतारा गया।
दमकल की लंबी सीढ़ी, क्रेन और बिल्डिंग के पिछले हिस्से से भी लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया। मौके पर मौजूद प्रह्लाद शर्मा ने बताया कि वे टावर की तीसरी मंजिल पर आयोजित गरुड़ पुराण के कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। आग लगने के बाद उन्होंने दमकल की लंबी सीढ़ी की मदद से नीचे उतरकर अपनी जान बचाई। हालांकि, वहां मौजूद महिलाएं सीढ़ी से नीचे नहीं उतर पा रही थीं। इसके बाद रेस्क्यू टीम ने उन्हें सुरक्षित निकालने के प्रयास शुरू किए।
स्थानीय निवासी मोहम्मद शाहिद ने बताया कि वे काम कर रहे थे, तभी पत्नी का फोन आया। उसने बताया कि पास की बिल्डिंग में आग लग गई है और बालकनी में कुछ लोग फंसे हुए हैं। इस पर वे अपने मालिक और दो-तीन अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआत में आग कम थी, इसलिए घरों से बाल्टियों में पानी लाकर बुझाने का प्रयास किया। इसी दौरान दमकल की गाड़ियां भी पहुंच गईं, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी।
शाहिद के अनुसार उन्होंने अन्य लोगों के साथ मिलकर ऊपर फंसे तीन से चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके अलावा चार दुकानों के शटर तोड़कर अंदर पानी डाला, ताकि आग को आगे फैलने से रोका जा सके। वे करीब दो घंटे तक लोगों को बचाने और आग बुझाने में जुटे रहे।
बगड़िया टावर की तीसरी मंजिल पर फ्लैट नंबर 304 में रहने वाली पूनम चौरसिया के परिवार को भी रेस्क्यू करना पड़ा। घटना के समय पूनम अपने तीन वर्षीय बेटे हिमांग के साथ फ्लैट में सो रही थीं। इसी दौरान बच्चे ने धुआं देखकर मां को जगाया और बताया कि घर में धुआं आ रहा है। पूनम की नींद खुली तो फ्लैट के दरवाजे के बाहर आग और चारों तरफ धुआं दिखाई दिया।
उन्होंने तत्काल पति कपिल को फोन कर जानकारी दी। इसके बाद पति कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और परिवार सहित अन्य लोगों को छत पर पहुंचाया। पूनम ने बताया कि शाम करीब पांच बजे की घटना है। फ्लैट के आगे-पीछे और लिफ्ट की तरफ धुआं भर गया था। सांस लेना भी मुश्किल हो रहा था। उनके फ्लैट में बेटे के अलावा पास के फ्लैट के लोग भी थे। कुल पांच लोग वहां मौजूद थे। रेस्क्यू टीम ने सभी को सुरक्षित छत पर पहुंचाया। करीब दो घंटे बाद उन्हें नीचे उतारा गया। वहीं फ्लैट नंबर 304 में रहने वाले दीपक कोठारी उनकी पत्नी प्रिया व पुत्री मुस्कान कोठारी भी फंस गए थे। जिन्हें रेस्क्यू टभ्म ने सुरक्षित निकाला।
आग के बाद बिल्डिंग में फैले धुएं के कारण सरला शर्मा उम्र 60 वर्ष की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें दम घुटने और सांस लेने में परेशानी होने लगी थी। रेस्क्यू टीम ने उन्हें बाहर निकालकर उपचार के लिए चरक अस्पताल पहुंचाया, जहां भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा है। एक अन्य महिला को भी धुएं के कारण परेशानी होने पर सुरक्षित बाहर निकाला गया था।
यह भी पढ़ें- कटनी के बरही अग्निकांड में छह लोगों की मौत से सियासत गर्म, कांग्रेस पार्षदों ने दिया सामूहिक इस्तीफा
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि बगड़िया टावर के नीचे स्थित एमपी मेडिकल एजेंसी में आग लगी थी। दुकान का शटर बंद होने के कारण धुआं बाहर नहीं निकल पाया और वेंटिलेशन चैंबर के जरिए ऊपर की मंजिलों तक फैल गया। शुरुआत में स्थानीय लोगों और पेंटर्स ने झूला व सीढ़ी की मदद से लोगों को बाहर निकालने में सहयोग किया। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने रेस्क्यू आपरेशन की कमान संभाली।
बगड़िया टावर में आग लगने के दौरान नगर निगम के दमकल विभाग की तैयारियों और संसाधनों की कमी भी सामने आई। ऊंची इमारतों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने और आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करना पड़ी। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों के पास ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने और वहां फंसे लोगों को सुरक्षित नीचे उतारने के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे।
लंबी सीढ़ियों के अलावा दमकल विभाग के पास ऐसा हाइड्रोलिक प्लेटफार्म या रेस्क्यू क्रेन उपलब्ध नहीं थी, जिससे ऊंचाई पर फंसे लोगों को तत्काल निकाला जा सके। नगर निगम की क्रेन की मदद लेनी पड़ी। इसके लिए रेस्क्यूकर्मियों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।