
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को उज्जैन विकास प्राधिकरण (यूडीए) के 1211 करोड़ 34 लाख रुपये की लागत वाले विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन किया। उन्होंने सिंहस्थ क्षेत्र में स्थायी सड़कें बनाने, पेयजल और सीवर लाइन बिछाने एवं घाटों के ऊपरी हिस्से में श्रद्धालुओं के लिए अलग पैदल मार्ग विकसित करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन में 12 वर्ष में एक बार सिंहस्थ का अवसर आता है। इस बार इसे सनातन संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं के अनुरूप भव्य स्वरूप में आयोजित किया जाएगा।
मेला क्षेत्र में पक्की सड़कें, पेयजल और सीवर लाइन की व्यवस्था की जाएगी, जिनका लाभ मेले के बाद भी मिलेगा। उन्होंने अंगारेश्वर मंदिर के विकास कार्य, 84 महादेव मंदिरों के विकास और शिप्रा को प्रदूषण से बचाने के लिए त्रिवेणी से सिद्धवट तक सीवर लाइन बिछाने की बात भी कही।
यह भी पढ़ें- मंदसौर में ब्लैकमेलिंग से तंग आकर युवती ने की आत्महत्या, शादीशुदा इकबाल और पत्नी पर केस दर्ज
कार्यक्रम में सिंहस्थ के निर्माण कार्यों के लिए अधिग्रहित भूमि के बदले 53 किसानों को 37 करोड़ 93 लाख रुपये के मुआवजा चेक भी वितरित किए गए।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने काशी विश्वनाथ से धार्मिक पर्यटन और मंदिरों के विकास की जो परंपरा शुरू की है, उसी दिशा में मध्य प्रदेश में महाकाल लोक का निर्माण किया गया। अब महानगरों के साथ उज्जैन जैसे धार्मिक नगरों को भी आधुनिक सुविधाओं और बेहतर अधोसंरचना से संवारा जा रहा है। - डॉ. मोहन यादव, मुख्यमंत्री