
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन : शहर के देवास रोड स्थित होटल श्री गंगा में शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया। होटल के वेस्टेज चैंबर में गिरने से चार कर्मचारियों की मौत हो गई। रविवार को मृत कर्मचारियों के परिजन धरने पर बैठ गए और 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की।
उल्लेखनीय है कि उज्जैन के होटल में सफाई के दौरान हादसा हो गया। वेस्टेज चैंबर की गैस की चपेट में आने से 4 कर्मचारियों की मौत हो गई। शनिवार देर रात तक रेस्क्यू चलता रहा। हादसे में कुछ अन्य कर्मचारी घायल भी हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, होटल के दायीं ओर वेस्टेज चैंबर है। यहां मिष्ठान्न, डेयरी उत्पाद आदि का वेस्टज चैंबर है। शनिवार रात करीब 10.30 बजे कुछ कर्मचारी सफाई करने चैंबर में उतरे थे। बताया जाता है कि वे चैंबर की गहराई और गैस की चपेट में आ गए और बाहर नहीं निकल पाए।
चैंबर में उतरे कर्मचारियों को बचाने के लिए कुछ अन्य कर्मचारी भी प्रयास कर रहे थे। इस दौरान वे भी गैस की चपेट में आए हैं। इन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया।
हादसे में मृत कर्मचारी के परिजन रविवार को धरने पर बैठ गए और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजन से चर्चा कर समझाइश देने का प्रयास किया। मृत कर्मचारी के परिजनों में कर्मचारियों की मौत को लेकर गहरा आक्रोश था, जो उन्होंने अधिकारियों के समक्ष प्रकट किया।
वेस्टेज चैंबर मिठाई दुकानों की निर्माण इकाई से निकलने वाले कचरे, पानी, चाशनी, घी-तेल इत्यादि के अवशेष को ठीक तरीके से ड्रैनेज तक पहंचाता है। इसके जाम होने से समस्या खड़ी होती है। ऐसे ही सफाई के लिए होटल श्री गंगा के कर्मचारी चैंबर में उतरे थे।
यह भी पढ़ें- उज्जैन के होटल में सफाई के दौरान हादसा, वेस्टेज चैंबर की गैस की चपेट में आने से 4 कर्मचारियों की मौत