
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। जिले के तालोद गांव की गिर नस्ल की गाय ‘राधा’ ने दुग्ध उत्पादन में पूरे मध्य प्रदेश को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है। राधा प्रतिदिन औसतन 19.760 लीटर दूध देती है। इस उपलब्धि के साथ उसके पशुपालक गौरव रघुवंशी प्रदेश की सबसे अधिक दूध उत्पादन करने वाली गाय के पालक बन गए हैं।
उन्हें प्रदेश सरकार की गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने 27 से 31 अक्टूबर तक प्रदेश के चयनित 208 वृंदावन ग्रामों में दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता आयोजित की थी। इसमें राधा ने सर्वाधिक औसत दुग्ध उत्पादन दर्ज कर प्रदेश में पहला स्थान पाया। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव 9 नवंबर को भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह में रघुवंशी को सम्मानित करेंगे।
प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर आने वाले पशुपालक को 50 हजार और तीसरे स्थान वाले को 25 हजार रुपये दिए जाएंगे। योजना का उद्देश्य गिर सहित देशी उन्नत नस्लों के संरक्षण, संवर्धन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना है।