
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। ज्योतिर्लिंग श्रीमहाकाल मंदिर में श्रावण मास के पहले सोमवार को कलेक्टर रौशन कुमार सिंह भस्म आरती दर्शन व्यवस्था का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। बताया जाता है कि इस दौरान कलेक्टर को कई खामियां मिलीं। उन्होंने भस्म आरती व्यवस्था में तैनात प्रभारी व कर्मचारी को हटा दिया है। इसके साथ ही बड़ी संख्या में कर्मचारियों के तबादले किए गए।
श्रीमहाकाल मंदिर में भस्म आरती दर्शन व्यवस्था को लेकर आए दिन विवाद सामने आते रहते हैं। चाहे रुपये लेकर भस्म आरती दिलाने का मामला हो या दर्शनार्थियों को नंदी हाल में आगे बैठाने की बात। अधिकारियों को ऐसी शिकायतें मिलती रहती हैं।
श्रावण के पहले सोमवार को गड़बड़ी की आशंका के मद्देनजर कलेक्टर रात दो बजे मंदिर पहुंच गए और प्रवेश द्वार पर दर्शनार्थियों की अनुमति चेक की। उन्होंने नंदी हाल की बैठक व्यवस्था का भी निरीक्षण किया, इस दौरान उन्हें कई गंभीर खामियां नजर आईं, इसके बाद शाम को भस्म आरती दर्शन व्यवस्था प्रभारी आशीष दुबे, सह प्रभारी प्रवीण शर्मा, संजय सिंह परिहार को तत्काल प्रभाव से हटाकर अन्यत्र स्थानांतरित कर दिया गया है।
कलेक्टर ने महेंद्र कांकडे को भस्म आरती दर्शन व्यवस्था का नया प्रभारी नियुक्त किया है। दिनेश बैंडवाल को सह प्रभारी बनाया गया है। लोगों का कहना है कि भस्म आरती व्यवस्था में केवल कर्मचारियों को हटाने से काम नहीं चलेगा। भस्म आरती में निगरानी के लिए नियुक्त प्रभारी अधिकारियों के कार्य की भी समीक्षा की जानी चाहिए।