
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में भस्म आरती दर्शन के नाम पर श्रद्धालुओं से ठगी के आरोप में मध्य प्रदेश की उज्जैन पुलिस ने गाजियाबाद के कोचिंग संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से 25 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर सौंपा गया। मामले में मुख्य आरोपित की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, इंस्टाग्राम पर एक रील पोस्ट की गई थी, जिसमें उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती और देहरी दर्शन कराने का दावा किया गया था। बुकिंग के नाम पर श्रद्धालुओं से दो से पांच हजार रुपये मांगे जा रहे थे। रील में दिए मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने निशांत पुत्र नीरज शर्मा (22), निवासी टिबरा रोड, मोदी नगर, गाजियाबाद को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में निशांत ने बताया कि वह करीब तीन महीने पहले उज्जैन आया था। भस्म आरती की बुकिंग नहीं मिलने पर एक व्यक्ति ने उसे एक हजार रुपये में पास दिलाया। दर्शन के बाद उसी व्यक्ति ने निशांत से बुकिंग की रील अपलोड करने और संपर्क करने वाले श्रद्धालुओं को उसका नंबर देने को कहा था। हर बुकिंग के बदले कमीशन का लालच भी दिया था। पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश कर रही है।
यह भी पढ़ें- एमपी पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा अटकी, 19 नवंबर की तारीख बीती, 7.51 लाख अभ्यर्थियों को नई डेट का इंतजार