
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया। जलाशयों के निकट जाने, वीडियो, फोटोग्राफ बनाने पर कार्रवाई हो सकती है। वर्षकाल के इस तरह के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर भी नजर आए तब भी कार्रवाई हो सकती है।
जनहानि की घटनाएं रोकने के लिए उपखंड मजिस्ट्रेट उपखंड बांधवगढ़ अम्बिकेश प्रताप सिंह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 में प्रदत्त अधिकाराें को प्रयोग में लाते हुए सम्पूर्ण अनुविभाग बांधवगढ़ क्षेत्र में प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है।
जारी आदेश अनुसार झरने व अन्य वाटर बाडी एवं ऐसे दुर्घटना संभावित क्षेत्र से 50 मीटर के भीतर प्रवेश करना एवं पिकनिक मनाना आदि पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा।
झरने व अन्य वॉटर बॉडी एवं ऐसे दुर्घटना संभावित क्षेत्र से 50 मीटर के भीतर वीडियाे, फोटोग्राफी, स्नान करना, वाहन पार्किंग एवं वाहन उपयोग, दुकान लगाना, रेहड़ी लगाना एवं खाद्य पदार्थों की बिक्री करना, उपखंड बांधवगढ़ की सीमा अंतर्गत समस्त जलाशयाें में संचालित अनुमति रहित, नाव, नौका या अन्य जल क्रीड़ा संबंधी यंत्र पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा।
अनुभाग क्षेत्र बांधवगढ़ अंतर्गत आने वाले समस्त जलाशयाें में अवैध रूप से बिना अनुमति के संचालित हो रहे नाव, नौकाओं तथा समस्त झरनाें एवं वाटरबाडी के पास वर्षाकाल में जाना पूर्णत: प्रतिबंधात्मक होगा।
जनहानि, धनहानि से बचाव एवं कानून और सुरक्षा व्यवस्था के लिए यह प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया गया है। आदेश का उल्लंघन करने पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा.223 के तहत कार्यवाही की जाएगी। यह आदेश तत्काल से प्रभावशील हो गया है।
अधीक्षक भू अभिलेख ने बताया कि बीते 24 घंटे में 27.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। बांधवगढ़ तहसील में 46.8 मिमी, मानपुर तहसील में 12.8 मिमी , पाली तहसील में 32.6 मिमी, नौरोजाबाद तहसील में 29.2 मिमी, चंदिया में 10.2 मिमी, करकेली तहसील में 35.8 मिमी, बिलासपुर तहसील में 27.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।
जिले में 1 जून से लेकर 19 जुलाई तक 279.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई है जिसमें बांधवगढ़ तहसील में 386.9 मिमी, मानपुर तहसील में 163.1 मिमी, पाली तहसील में 309.6 मिमी, नौरोजाबाद तहसील 298.4 मिमी, चंदिया तहसील में 207.4 मिमी, करकेली तहसील में 352.3 मिमी, बिलासपुर तहसील में 239.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।
गत वर्ष इसी अवधि तक 681.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी जिसमें बांधवगढ़ तहसील में 615.3 मिमी, मानपुर तहसील में 694 मिमी, पाली तहसील में 627.5 मिमी, नौरोजाबाद तहसील 609.2 मिमी, चंदिया तहसील में 798.7 मिमी, करकेली तहसील में 616.5 मिमी, बिलासपुर तहसील में 801.2 मिमी वर्षा शामिल है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में प्रमोशन पर ट्रांसको में घमासान: तीन गुट आमने-सामने, कैडर विवाद फिर गरमाया