
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में सफारी के दौरान नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आया है। सोमवार को एक जिप्सी निर्धारित पर्यटन मार्ग से हटकर प्रतिबंधित क्षेत्र में पहुंच गई। पार्क प्रबंधन ने मंगलवार को वाहन चालक सुयश केसरी और गाइड निखिल सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब मांगा है।
बताया गया कि सुयश केसरी रिटायर्ड आइएएस अधिकारी अजीत केसरी के पुत्र हैं। सुयश और निखिल सोमवार को पर्यटकों को लेकर पनपथा बफर जोन में सफारी के लिए गए थे। इसी दौरान ताला के सहायक संचालक गश्त पर पहुंचे। उन्होंने जिप्सी क्रमांक एमपी 04 जेड एक्स 8243 (आर-91) को तय पर्यटन मार्ग से हटकर प्रतिबंधित क्षेत्र में पाया।
यह भी पढ़ें- उमरिया के लखनोटी में मछली तालाब के पास घूम रही थी बाघिन और तीन शावक, निस्तार करने गए ग्रामीण भागे
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक डा. अनुपम सहाय ने कहा कि दोनों को 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देना होगा। तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि सुयश केसरी ने बांधवगढ़ में वाहन चालक के रूप में अपना पंजीयन करा रखा है। इस कारण उन्हें जंगल के भीतर जाने के अवसर मिलते हैं।