
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया, भरेवा। लूट का सामान खरीदने वाले आरोपित के फरार होने के मामले में थाना इंदवार के प्रभारी, सब इंस्पेक्टर और एएसआई को एसपी ने सस्पेंड कर दिया है। इस बारे में जानकारी देते हुए एसडीओपी पीएल परस्ते ने बताया कि यह कार्रवाई थाना प्रभारी विजय पाटिल, सब इंस्पेक्टर सूर्यपाल सिंह और एएसआई अमर बहादुर सिंह के खिलाफ की गई है।
एसडीओपी ने यह भी बताया कि फरार हुए आरोपित अनुराग ताम्रकार के पास से पुलिस ने पांच से सात लाख रुपए मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण जब्त किए हैं। इसमें एक किलो 10 ग्राम चांदी और 15 ग्राम सोना शामिल है। एसडीओपी ने बताया कि आरोपित की तलाश की जा रही है और उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दस्तखत करने से किया इनकार
एसडीओपी पीएल परस्ते ने बताया कि आरोपित ने गिरफ्तारी के बाद जब्ती के कागजातों पर हस्ताक्षर करने से मना कर दिया था और अपनी पहुंच की धौंस पुलिस अधिकारियों को बता रहा था। आरोपित का कहना था कि उसने जब्त किए गए सोने और चांदी को खरीदा नहीं है, बल्कि उसने यह सारा सामान गिरवी रखा है। पुलिस आरोपित के साथ पूरी सद्भावना का भाव प्रदर्शित कर रही थी और उसे सहयोग के लिए कह रही थी, लेकिन इसी बीच मौका पाकर वह थाने से गायब हो गया। पुलिस लगातार आरोपित की तलाश कर रही है, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है।
बुधवार को हुआ फरार
जिले के इंदवार थाना से लूट का माल खरीदने का आरोपित अनुराग ताम्रकार पिता रामदीन ताम्रकार, उम्र लगभग 40 वर्ष, बुधवार को फरार हो गया था। जानकारी के अनुसार ग्राम पल्झा में कुछ दिन पूर्व हुए सराफा व्यापारी लूटकांड की जांच के दौरान पुलिस ने अनुराग ताम्रकार को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था, जिस पर लुटेरों से सोना-चांदी खरीदने का आरोप था।
लूट की घटना को अंजाम देने वाले आरोपितों ने सराफा व्यापारी से लूटे गए सोना-चांदी अनुराग ताम्रकार को बेच दिया था। पुलिस को पूछताछ के दौरान मिली जानकारी और आरोपितों की निशानदेही पर मंगलवार की शाम बरही क्षेत्र से अनुराग को हिरासत में लिया गया था।
यह भी पढ़ें- उपार्जन पर संकट: भोपाल में खरीदी की तारीख बढ़ी, फिर भी 2 हजार से ज्यादा किसान नहीं बेच पाएंगे गेहूं