उमरिया में पाली के तिवनी गांव में दर्दनाक हादसा, ट्रैक्टर की ट्रॉली पलटने से 5 की मौत, दो दर्जन घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना तेज था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। हालांकि संयोग से ट्रैक्टर पुलिया के नीचे नहीं गिरा, अन्यथा दुर्घटना और भी भ ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 29 May 2026 07:39:40 PM (IST)Updated Date: Fri, 29 May 2026 07:44:45 PM (IST)

उमरिया। जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत तिवनी गांव के पास शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पुलिया पर पलट गई। हादसे में 5 लोगों की मौत की खबर है, जबकि करीब दो दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जा रहे थे धार्मिक कार्यक्रम में
जानकारी के अनुसार पाली से लगे ग्राम गिंजरी के ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर बिजौरा गांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान तिवनी गांव स्थित शनिधाम के पास पुलिया पर ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और ट्रॉली पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना तेज था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। हालांकि संयोग से ट्रैक्टर पुलिया के नीचे नहीं गिरा, अन्यथा दुर्घटना और भी भयावह हो सकती थी।
ग्रामीणों ने की मदद
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बाहर निकालने में ग्रामीणों ने अहम भूमिका निभाई। इसके बाद 108 एम्बुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से सभी घायलों को पाली अस्पताल पहुंचाया गया।
पाली के अस्पताल पहुंचाया
पाली अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कई लोगों को जिला अस्पताल उमरिया और शहडोल रेफर किया गया है। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। प्रशासन और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई है तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
घटना का कारण तेज गति
प्रारंभिक जानकारी में ट्रैक्टर के अनियंत्रित होने की वजह तेज रफ्तार या तकनीकी खराबी मानी जा रही है, हालांकि पुलिस जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता और घायलों के समुचित इलाज की मांग की है।