विदिशा : शौचालय नहीं था तो खदान पर गया था मासूम, 4 आवारा कुत्तों ने किया जानलेवा हमला; सिर में गड़ाए दांत
गंजबासौदा में नवीन कृषि उपज मंडी के पास 12 वर्षीय बालक पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई।
By Ajay JainEdited By: bhupendra Singh Rajput Publish Date: Fri, 10 Jul 2026 04:01:17 PM (IST)Updated Date: Fri, 10 Jul 2026 04:01:17 PM (IST)
घायल बालक का अस्पताल किया गया उपचार। नईदुनिया।HighLights
- गंजबासौदा में नवीन कृषि उपज मंडी के पास 12 वर्षीय बालक पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया
- घर में शौचालय नहीं होने के कारण बच्चे खदान क्षेत्र में जाते हैं, जहां यह हादसा हुआ
- परिजन और क्षेत्र के लोगों ने कुत्तो को पकड़कर अन्य स्थान पर भेजने की मांग की
नईदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा/ गंजबासौदा। नवीन कृषि उपज मंडी के पास एक 12 वर्षीय वालक वीरन विश्वकर्मा पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। हमले में बालक के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बालक अपने परिवार के साथ नई मंडी के पास रहता है। सुबह मंडी के पास बनी खदानों में शौच क्रिया के लिए गया था। तभी खदान के आसपास घूम रहे। चार श्वानों ने उस पर हमला कर दिया।
बच्चे के सिर में गड़ाए दांत
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि श्वन बालक के पीछे दौड़ पड़े, जिससे वह घबराकर भागने लगा। इसी दौरान एक श्वान ने उसके सिर पर दांत गड़ा दिए, जिससे उसे गहरी चोट लगी। स्थानीय लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी और बालक को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
पंचायत ने नहीं बनाया शौचालय
घायल बालक के पिता बलराम विश्वकर्मा ने बताया कि उनके घर में शौचालय नहीं है। उन्होंने ग्राम पंचायत राबरयाई में शौचालय के लिए कई बार शिकायत की है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ।
शौचालय न होने के कारण बच्चे सुबह शौच के लिए खदानों पर ही जाते हैं, और इसी दौरान यह घटना हुई।
आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग
कई स्थानीय लोगों का कहना है कि नवीन कृषि उपज मंडी के मुख्य मार्ग के पास भी आधा दर्जन से अधिक श्वानों का झुंड रात के समय घूमता रहता है। ये श्वान दोपहिया और चारपहिया वाहनों के पीछे भागते हैं, जिससे कई सड़क हादसे हो चुके हैं। स्थानीय लोगों ने इन श्वानों को पकड़कर दूसरी जगह भेजने की मांग की है।