विदिशा में मौत बनकर दौड़ा बिना चालक का डंपर, छात्रा का कुचला हाथ, फिर घर में जा घुसा
विदिशा में रेत से भरे डंपर ने छात्रा को टक्कर मार दी। चालक कूदकर भाग गया। बेकाबू डंपर घर में घुसा, युवती गंभीर घायल, नौ घंटे बिजली बाधित रही। ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 03 Mar 2026 09:12:48 AM (IST)Updated Date: Tue, 03 Mar 2026 09:12:48 AM (IST)
विदिशा में डंपर का कहर। (फाइल फोटो)HighLights
- अहमदपुर चौराहे पर डंपर ने छात्रा को टक्कर।
- चालक कूदकर फरार, क्लीनर हिरासत में लिया।
- डंपर घर में घुसा, संपत्ति को नुकसान।
नईदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। शहर के अहमदपुर चौराहे पर सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब रेत से भरा एक डंपर युवती को टक्कर मारने के बाद बिना चालक के करीब 50-60 मीटर तक सड़क पर काल बनकर दौड़ता रहा। टक्कर के बाद चालक डंपर छोड़कर भाग निकला, लेकिन बेकाबू वाहन बिजली का खंभा तोड़ते हुए सीधे एक घर में घुस गया। इस हादसे में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे भोपाल रेफर किया है। पुलिस ने डंपर को जप्त कर क्लीनर को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार मोहनगिरि निवासी छात्रा खुश्बू साहू दुर्गानगर क्षेत्र में स्थित कोचिंग सेंटर से स्कूटी से घर जा रही थी। इसी दौरान अहमदपुर रोड की तरफ से आ रहे डंपर ने उसे टक्कर मार दी।
मौके पर मौजूद संदीप मालवीय ने बताया कि क्लीनर की तरफ से युवती को टक्कर लगी, जिससे वह सड़क पर गिर गई। डंपर का पहिया उसके हाथ को कुचलते हुए निकल गया। इस दौरान ड्राइवर चलते डंपर से कूदकर भाग गया। उन्होंने बगैर देर किए युवती को मेडिकल कालेज स्थित अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे भोपाल रेफर किया है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी आरके मिश्रा ने बताया डंपर रायसेन जिले के ग्राम सुल्तानपुर का है। डंपर का क्लीनर रायसेन जिले के हाट खेमरिया निवासी बृजेश मीणा को हिरासत में लिया है। मालिक और ड्राइवर को गिरफ्तार करने पुलिस टीम रायसेन भेजी गई है।
बिना ड्राइवर के दौड़ा डंपर
- प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ड्राइवर के कूद जाने के बाद डंपर बिना चालक के करीब 50-60 मीटर तक दौड़ा। व्यापारी त्रिलोक आचार्य ने बताया कि डंपर छात्रा को टक्कर मारने के बाद उनके टीनशेड को तोड़ते हुए नगरपालिका की स्ट्रीट लाइट के खंभा को खींचते हुए हाईटेंशन लाइन के लोहे के खंभे को तोड़ते हुए संजीव जैन के मकान से जा टकराया।
उन्होंने बताया कि संजीव जैन के मकान के सामने उनके ट्रैक्टर-ट्राली खड़े थे, जिन्हें टक्कर लगने के बाद संजीव जैन की दुकान में घुस गया, जिससे शटर टूट गया और बाइक क्षतिग्रस्त हुई है। उनका कहना था कि हादसे के समय दुकानें खुली रहती, तो जनहानि हो सकती थी। इससे व्यापारियों को लाखों रुपयों का नुकसान हुआ है। नौ घंटे तक गुल रही क्षेत्र की बिजली
डंपर के बिजली के खंभे तोड़ने के कारण पूरे पीतल मिल क्षेत्र में लगभग नौ घंटे बिजली गुल रही। बिजली पर निर्भर रहकर कारोबार करने वाले दुकानदारों को काफी परेशान होना पड़ा। हादसे के बाद बिजली कंपनी की टीम मौके पर पहुंची और बिजली लाइनों में सुधार करते किया, तब जाकर शाम को बिजली बहाल हो पाई।
पावर पंप फटने की आशंका
पुलिस सूत्रों का कहना है कि डंपर के फिटनेस सहित अन्य दस्तावेजों की जांच की गई है। यह डंपर ओवर लोडेड भी नहीं था। सूत्रों का कहना है कि इस डंपर का पावर स्टीयरिंग पंप फटने की वजह से यह हादसा होने की आशंका है। एयर पंप के फटने से स्टेयरिंग जाम हो गया। ड्राइवर डंपर को मोड़ नहीं पाया, जिससे डंपर अनियंत्रित होकर छात्रा को टक्कर मारते हुए घर में घुस गया। एसपी रोहित काशवानी का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच कर आरोपितों पर उचित कार्रवाई की जाएगी।