एक हजार वर्ष पुराने विष्णु मंदिर में तोड़फोड़, प्रतिमाएं खंडित होने से ग्रामीणों में आक्रोश
Vidisha News: थाना दीपनाखेड़ा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गोपालनगर गांव स्थित लगभग एक हजार वर्ष पुराने विष्णु मंदिर में रविवार रात अज्ञात बदमाशों द्वा ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 10 Feb 2026 09:44:39 AM (IST)Updated Date: Tue, 10 Feb 2026 09:44:39 AM (IST)
मंदिर परिसर में ग्रामीणों के साथ बैठक करते हुए विधायक शर्मा।HighLights
- अज्ञात बदमाशों द्वारा तोड़फोड़
- डॉग स्क्वॉड टीम ने की जांच पड़ताल
- विधायक ने दिए सख्त निर्देश
नवदुनिया न्यूज, सिरोंज। थाना दीपनाखेड़ा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गोपालनगर गांव स्थित लगभग एक हजार वर्ष पुराने विष्णु मंदिर में रविवार रात अज्ञात बदमाशों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। यह प्राचीन मंदिर पुरातत्व विभाग के संरक्षण में है और आसपास के कई गांवों के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार रात नियमित आरती के बाद पुजारी मंदिर के कपाट बंद कर अपने घर चले गए थे। देर रात अज्ञात लोगों ने मंदिर के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां स्थापित भगवान विष्णु की नई तथा प्राचीन पाषाण प्रतिमाओं को खंडित कर दिया।
बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्र हो गए
सोमवार सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचे तो ताले टूटे मिले और अंदर का दृश्य देख वे स्तब्ध रह गए। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्र हो गए। विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य भी मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर दिया और 48 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। स्थिति को देखते हुए सिरोंज के एसडीएम हरिशंकर विश्वकर्मा और एसडीओपी सोनू डाबर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों की समझाइश और आश्वाशन के बाद चक्काजाम समाप्त कराया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
डॉग स्क्वॉड टीम ने की जांच पड़ताल
दोपहर में विदिशा से डॉग स्क्वाड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। बताया गया है कि मंदिर में सोने-चांदी के आभूषण नहीं चढ़ाए जाते है। ग्रामीणों के अनुसार, पूर्व में भी एक प्राचीन प्रतिमा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई थी, जिसके बाद नई प्रतिमा स्थापित की गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
यह भी पढ़ें- विदिशा में फिल्मी स्टाइल में डकैती, तलवार की नोंक पर पिता-पुत्र को बनाया बंधक, 48 तोला सोना और 10 लाख की लूट
विधायक ने दिए सख्त निर्देश, 51 हजार दान की घोषणा
वही शाम क्षेत्रीय विधायक हरिसिंह सप्रे भी शाम को गोपाल नगर स्थित विष्णु मंदिर पहुंचे, उन्होंने पुलिस प्रशासन को कार्रवाई के सख्त निर्देश भी दिए। इस अवसर पर विधायक सप्रे ने मंदिर में नई मूर्तियों की स्थापना के लिए 51 हजार रुपये दान देने की घोषणा की।
इधर ग्रामीण देवेंद्र शर्मा ने कहा कि रात के अंधेरे में असामाजिक तत्वों द्वारा प्रतिमा खंडित किया जाना अत्यंत निंदनीय है। दोषियों पर तत्काल और कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, अन्यथा ग्रामीण न्याय की मांग को लेकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। विधायक उमाकांत शर्मा ने भी मंदिर पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से बात की और जल्द आरोपितों को पकड़ने की बात कही।