_m.webp)
नवदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। विदिशा से भोपाल मार्ग फोर लेन बनने के बाद 30 मीटर चौड़ा हो जाएगा। जिसके कारण दूरी और समय कम हो जाएगा। इसका फायदा शहर के कारोबार से लेकर पर्यटन स्थलों तक को मिलेगा। यह मार्ग आने वाले दो वर्षों में बनकर तैयार हो जाएगा। मालूम हो ,राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में मंगलवार को 1758 करोड़ की लागत से बनने वाले विदिशा-भोपाल फोर लेन मार्ग को स्वीकृति मिल गई है। एमपीआरडीसी के महाप्रबंधक ईश्वर चंदेले के मुताबिक राज्य मंत्रिपरिषद से मंजूरी मिलने के बाद अब जल्दी ही टेंडर प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
उनका कहना था कि राज्य सरकार की प्राथमिकता के चलते इस सड़क का निर्माण कार्य इस वर्ष के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है। उनका कहना था कि यदि कोई रुकावट नहीं आई तो अगले दो वर्षों में यह फोर लेन मार्ग बनकर तैयार हो जाएगा। उन्होंने बताया कि अभी यह मार्ग साढ़े सात मीटर चौड़ा है जो फोर लेन बनने के बाद 30 मीटर का हो जाएगा। उनका कहना था कि इस मार्ग पर तीन बायपास का निर्माण होगा, जिससे आवासीय क्षेत्र से मुक्ति मिल जाएगी। वाहन सीधे सड़क से बिना किसी अवरोध के भोपाल पहुंच सकेंगे। इससे वाहन चालकों के समय की भी बचत होगी।
लोक निर्माण विभाग के सेवानिवृत्त कार्यपालन यंत्री बुन्देल सिंह ठाकुर के मुताबिक इस फोर लेन मार्ग का सबसे बड़ा फायदा ये होगा कि लोगों का सफर सुरक्षित हो जाएगा। वर्तमान में बालमपुर की घाटी सहित कुछ अन्य ब्लैक स्पॉट ऐसे है जहां रोज कोई न कोई वाहन दुर्घटना का शिकार होता है। नए मार्ग पर न घाटी रहेगी और ना ही आवासीय क्षेत्र, जिसके कारण दुर्घटना की आशंका काफी घट जाएगी। उनका कहना था कि इस फोर लेन की चौड़ाई काफी अधिक होने के कारण छोटे-बड़े वाहन आसानी से निकल सकेंगे। किसी भी स्थान पर जाम की स्थिति नहीं बनेगी। अभी संकरा मार्ग होने के कारण कई बार इस मार्ग पर बड़े वाहन फंस जाते हैं। जिसके चलते घंटों यातायात बंद हो जाता है।
व्यापार महासंघ के अध्यक्ष राजेश जैन का कहना है कि विदिशा शहर के व्यापारियों का अधिकांश कारोबार भोपाल और इंदौर से होता है। इस मार्ग के फोर लेन बन जाने से व्यापारियों को काफी राहत मिल जाएगी। वे अपने वाहन से खरीदी करने भोपाल और इंदौर जा सकेंगे। उनका कहना था कि जिले के मरीजों को भी नए मार्ग से काफी राहत मिलेगी। जिला और मेडिकल अस्पताल से रोज कोई न कोई गंभीर मरीज उपचार के लिए भोपाल रेफर किया जाता है।
सड़क खराब होने और यातायात अधिक होने के कारण मरीज को भोपाल अस्पताल पहुंचने में डेढ़ घंटे से अधिक का समय लग जाता है। जिसके कारण मरीज की जान पर संकट बन आता है। नया फोर लेन बनने के बाद मरीज को अधिकतम एक घंटे में भोपाल में उपचार मिल जाएगा। रियल इस्टेट के कारोबार में भी तेजी आएगी।
यह भी पढ़ें- भोपाल-विदिशा के बीच सफर होगा आसान, 44.83 किमी 4-लेन सड़क पर सूखी सेवनिया, बेरखेड़ी और सलामतपुर में बनेंगे बायपास
विधायक मुकेश टंडन का कहना है कि नया फोर लेन बनने से विदिशा में न केवल पर्यटक बढ़ेंगे बल्कि रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न होंगे। उनका कहना था कि इस मार्ग पर सांची, उदयगिरी जैसी प्राचीन धरोहर और ऐतिहासिक स्थल है लेकिन सभी सड़क खराब होने के कारण बड़े शहरों से पर्यटक इन स्थलों तक नहीं पहुंच पाते है। जब सड़क फोर लेन हो जाएगी तो पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। इसके अलावा जिले में बड़े उद्योग लगने की संभावना भी बढ़ेगी। टंडन के मुताबिक विदिशा में अब चारों ओर बेहतर सड़कें बन रही है। जिसके चलते जिले का अब चहुमुखी विकास होगा।