
नवदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होने की उम्मीद जगी है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी आदेश के तहत चयन परीक्षा-2025 के परिणाम के आधार पर प्राथमिक शिक्षकों के पद पर 438 अभ्यर्थियों की नियुक्ति की गई है। इन शिक्षकों को जिले के छह विकासखंडों के अलग-अलग सरकारी स्कूलों में पदस्थ किया गया है।
जिला शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश में सिरोंज में 113, ग्यारसपुर में 26, लटेरी में 92, बासौदा में 47, कुरवाई में 80 और नटेरन में 80 शिक्षकों की पदस्थापना की गई है। यानी सबसे अधिक नियुक्तियां सिरोंज और लटेरी क्षेत्र में हुई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के कई स्कूलों में इससे पढ़ाई की व्यवस्था को सहारा मिलने की उम्मीद है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित दस्तावेजों के साथ संबंधित कार्यालय में उपस्थित होकर प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
यह भी पढ़ें- MP Teacher Protest: भोपाल में 12 दिन से शिक्षकों की भूख हड़ताल, महिला अभ्यर्थी ने प्रधानमंत्री से की अपील
इनमें शैक्षणिक योग्यता, जाति प्रमाण-पत्र, आयु प्रमाण-पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज शामिल हैं। दस्तावेजों की जांच में पात्र पाए जाने के बाद ही नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। जिला शिक्षा अधिकारी एनके अहिरवार ने नियुक्ति आदेश में नवनियुक्त शिक्षकों को 7 सितंबर तक अपनी पदस्थापना वाले स्कूल में उपस्थित होना होगा। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं होने पर नियुक्ति संबंधी कार्रवाई प्रभावित हो सकती है।