कैंसर मरीजों के लिए विदिशा मेडिकल कालेज में खुलेगी टाटा मेमोरियल की ब्रांच , पांच जून से होगी स्क्रीनिंग
जिले के कैंसर पीड़ित मरीजों को इलाज के लिए मुंबई और अन्य शहरों के चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। इसकी वजह मेडिकल कालेज में टाटा मेमोरियल मुंबई की ब्रांच खुल ...और पढ़ें
By Ajay JainEdited By: bhupendra Singh Rajput Publish Date: Mon, 18 May 2026 12:30:05 PM (IST)Updated Date: Mon, 18 May 2026 12:33:01 PM (IST)
कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से चर्चा करते केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान। नईदुनिया।HighLights
- विदिशा मेडिकल कॉलेज में खुलेगी टाटा मेमोरियल की कैंसर शाखा
- 5 से 7 जून तक लगाया जाएगा कैंसर स्क्रीनिंग शिविर
- भविष्य में कीमोथेरेपी और ऑपरेशन की सुविधा भी मिलेगी
नईदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। जिले के कैंसर मरीजों को अब इलाज के लिए मुंबई और अन्य बड़े शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। विदिशा मेडिकल कॉलेज में जल्द ही टाटा मेमोरियल मुंबई की ब्रांच शुरू होने जा रही है। पहले चरण में मरीजों की पहचान के लिए 5 से 7 जून तक स्क्रीनिंग शिविर लगाया जाएगा।
यह जानकारी विदिशा दौरे पर आए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज के लिए अब तक क्षेत्र के मरीजों को मुंबई और दूसरे शहरों में जाना पड़ता था, जिससे आर्थिक और मानसिक परेशानी बढ़ती थी।
स्वास्थ्य मंत्री से हुई चर्चा
उन्होंने बताया कि टाटा मेमोरियल संस्थान से चर्चा के बाद विदिशा मेडिकल कॉलेज में इसकी शाखा खोलने पर सहमति बन गई है। अलग भवन तैयार करने में अधिक समय और खर्च को देखते हुए मेडिकल कॉलेज परिसर में ही सुविधा शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में उन्होंने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला से भी चर्चा की है।
यह भी पढ़ें- विदिशा में लाइसेंसी बंदूक से बुजुर्ग ने खुद को गोली मारकर दी जान, घरवालों ने कहा- बीमारी से परेशान रहते थे
चरणबद्ध तरीके से शुरू होंगी सुविधाएं
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि जून के पहले सप्ताह में टाटा मेमोरियल की टीम विदिशा पहुंचेगी। 5 से 7 जून तक आयोजित स्क्रीनिंग शिविर में विदिशा के साथ रायसेन, सीहोर और देवास जिले के मरीजों को भी शामिल होने के लिए कहा जाएगा।
उन्होंने बताया कि शुरुआत में कैंसर मरीजों की स्क्रीनिंग और पहचान की जाएगी। इसके बाद कीमोथेरेपी की सुविधा शुरू होगी और आगे चलकर ऑपरेशन सहित अन्य आधुनिक उपचार सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।